नई दिल्ली। केंद्र सरकार अब राजधानी दिल्ली में बारिश कराने की योजना बना रही है। यह बात आपको सुनने में शायद अटपटी लग रही होगी, लेकिन यह पूरी तरह सच है। सरकार के प्रयास से होने वाली यह बारिश पूरी तरह से आर्टिफिशियल होगी। दरअसल, पानी के बरसने से हवा में मौजूद गंदगी साफ हो जाती है। कुछ इसी फॉर्मूले पर चलते हुए आर्टिफिशियल बारिश के माध्यम से दिल्ली के स्मॉग को हटाने की योजना बनाई जा रही है। सरकार ने इस योजना में सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी), भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर और इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) को शामिल किया है। इन चारों बड़े संस्थानों के प्रयास से दिल्ली के ऊपर बादलों का निर्माण किया जाएगा, जिससे बारिश कराने में सहायता मिल सके और दिल्ली में छाए स्मॉग को साफ किया जा सके।