
जानिए, 15 अप्रैल के बाद आप कर सकेंगे रेल व विमान यात्रा या नहीं, टिकट बुक करने से पहले जान लें कुछ अहम बातें
नई दिल्ली. कोरोना वायरस के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में लॉकडाउन की घोषणा की है। इस दौरान लोगों को ज्यादा से ज्यादा घरों में ही रहने की हिदायत दी जा रही है। 21 दिन के लॉकडाउन के चलते पैसेंजर ट्रेनों के पहिये थमे हैं, जबकि पब्लिक रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) भी बंद पड़ा है। लॉकडाउन की अवधि में आइआरसीटीसी की साइट से भी टिकट बुक नहीं हो रहे हैं। हालांकि 14 अप्रैल के बाद के यानी 15 अप्रैल से टिकट ऑनलाइन बुक होने शुरू हो जाएंगा। भारतीय रेलवे ने 15 अप्रैल से ट्रेन सेवाओं का परिचालन फिर से शुरू करने की तैयारी आरंभ कर दी है, पर इसके साथ रेलवे ने साफ कर दिया है कि IRCTC की सस्ती टिकट जैसी रियायतें फिलहाल सिर्फ रोगियों, छात्रों और दिव्यांगजनों को ही मिल सकेंगी।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इंडियन रेल द्वारा 19 मार्च को जारी एक आदेश में सभी रियायतें ‘‘अगले परामर्श तक के लिए’’ स्थगित कर दी गई हैं।इसका फायदा सिर्फ रोगियों, छात्रों और दिव्यांगों को ही मिल सकता है।
दो तीन महीने यात्रा नहीं करने का आदेश
दरअसल, रेलवे ने यह फैसला लिया है कि लॉकडाउन के तुरंत बाद ही कम से कम संख्या में लोग यात्रा करें। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक समय आने पर आदेश को वापस ले लेंगे। फिलहाल, वायरस के संक्रमण को देखते हुए हम लोगों को अगले दो-तीन महीने यात्रा नहीं करने का संदेश देना चाहते हैं। वे इंतजार कर सकते है और अपनी टिकटें बुक कर सकते हैं, कोई जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए। यदि वे जल्दबाजी करेंगे तो उन्हें रियायत नहीं मिलेगी। हमने कभी नहीं कहा कि हम रियायतें स्थायी रूप से वापस ले रहे हैं।
वरिष्ठ नागरिकों की यात्रा पर भी लगाई रोक
एक स्वास्थ्य परामर्श का जिक्र करते हुए रेलवे ने एक शुरुआती आदेश में कहा था कि कई श्रेणियों में रियायतें हटाई जा रही हैं, इनमें वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हैं क्योंकि इस महामारी के चलते उनकी मृत्यु दर सभी श्रेणियों में सर्वाधिक है।
30 अप्रैल तक फ्लाईट में भी नहीं कर पाएंगे यात्रा
वही, निजी विमानन कंपनी गोएयर ने गुरुवार को टिकट क्रेडिट योजना की अवधि 30 अप्रैल तक बढ़ाने की घोषणा की है। इसके तहत जो यात्री 30 अप्रैल तक यात्रा नहीं कर पाएंगे, वे किराया रकम का उपयोग अगले एक वर्ष तक किसी भी रूट पर यात्रा के लिए कर सकेंगे। कंपनी ने बयान में कहा कि जिन यात्रियों ने 19 मार्च से 30 अप्रैल के बीच की बुकिंग की है और यात्रा नहीं करेंगे, वे अगले वर्ष 30 अप्रैल तक किसी भी रूट पर यात्रा के लिए अपनी किराया राशि का समायोजन करा सकेंगे।
Updated on:
5 Apr 2020, 11:17 AM IST
Published on:
5 Apr 2020, 10:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.