
जम्मू कश्मीरः घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकी को सेना ने किया ढेर, मुठभेड़ अब भी जारी
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बारामुला में घुसपैठ की कोशिश में एक आतंकी सीमा पर ढेर कर दिया गया। भारतीय सेना ने रविवार को उत्तरी कश्मीर स्थित बारामुला के उड़ी सेक्टर में घुसपैठियों के खिलाफ शुरू किए गए अपने आप्रेशन कस्तूरी टॉप में एक आतंकी को मार गिराया है। घुसपैठियों के खिलाफ सेना का अभियान अभी जारी है। बीते चौबीस घंटों के दौरान उत्तरी कश्मीर में गुलाम कश्मीर की तरफ से मारे गए घुसपैठियों की तादाद चार हो गई है। बीती रात तंगधार सेक्टर में घुसपैठ करते हुए तीन आतंकी मारे गए थे।
इंटेलिजेंस से मिली सूचना
दरअसल सीमा पर इंटेलिजेंस एजेंसी ने यह जानकारी दी थी कि सीमा पर घुसपैठ की कोशिश के लिए 546 आतंकी बैठे हुए हैं। बीते दो दिनों में सेना ने चार आतंकी मार गिराए हैं। उन्हें घुसपैठ के लिए पाकिस्तानी सेना मदद कर रही है। यह सभी आतंकी सीमा पर सेना के ही पोस्ट पर घात लगा कर बैठे हुए हैं। उन्हें घुसपैठ के दौरान पाकिस्तानी सेना से कवर फायर भी दिया जा रहा है।
तंगधार में ही 79 आतंकियों की दिखी हलचल
केवल तंगधार सेक्टर में ही 79 आतंकियों की हलचल देखी गई है। इसके साथ ही केरन सेक्टर में करीब 117 आतंकियों के सक्रीय होने की सूचना है। इन सभी आतंकियों को पाकिस्तानी सेना से मदद दी जा रही है। रविवार देर रात स्वचालित हथियारों से लैस पांच से छह आतंकियों के गुलाम कश्मीर की तरफ से उड़ी सेक्टर में दाखिल होने का पता चलते ही उनके खिलाफ एक अभियान शुरू किया गया था। यह आतंकी कस्तूरी टॉप पहाड़ी के रास्ते घुसे थे और इसलिए इस अभियान का नाम कस्तूरी टॉप रखा गया। आज सुबह पांच बजे के करीब जवानों ने एक जगह घुसपैठियों को देखते ही ललकारा।
अभियान अब भी जारी
घुसपैठियों ने जवानों की ललकार पर फायरिंग कर दी। जवानों ने भी अपनी पोजीशन ली और जवाबी फायर किया। इसके बाद दोनों तरफ से गोलियों की बौछार शुरू हो गई। इस दौरान एक घुसपैठिया मारा गया। अन्य वहां से किसी तरह बच निकले। लेकिन उन्हें पकड़ने के लिए सेना के जवानों ने अपना अभियान जारी रखा हुआ है।
Published on:
19 Aug 2018 01:35 pm
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
