
JEE Main Exam 2020
नई दिल्ली। कोरोना काल (Coronavirus Pandemic) में आज पूरे देश में जेईई मेन (JEE Main Exam 2020) की परीक्षा आयोजित की गई है। एग्जाम सुबह 9:00 से दोपहर 1:00 बजे तक है। अभ्यर्थिायों को एडमिट कार्ड पर दिए गए टाइमिंग से दो घंटे पहले प्रवेश दिया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) के नियमों का खास ख्याल रखा जा रहा है। एंट्री गेट पर ही छात्रों के हैंड सैनिटाइज कराए जा रहे हैं। इसके बाद उनकी थर्मल स्क्रीनिंग हुई। यहां स्टूडेंट्स को घर से लगाकर आए मास्क को हटाकर परीक्षा केंद्र की ओर से दिए गए थ्री प्लाई मास्क लगाकर परीक्षा केंद्र के अंदर भेजा गया। परीक्षा केंद्रों पर किसी तरह की अफरा-तफरी न हो और स्टूडेंट्स को सारी जानकारी सही से मिल सके इसके लिए कई तरह के इंतजाम किए गए हैं।
नहीं लगाई गई रोल नंबर शीट
एग्जाम सेंटर के बाहर इस बार किसी तरह की रोल नंबर शीट नहीं लगाई गई, क्योंकि इससे भीड़़ इकट्ठा हो सकती थी, साथ ही संक्रमण का डर रहता। इसलिए बाहर स्कैनिंग की व्यवस्था की गई। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग को मेंनटेन करने के लिए परीक्षार्थियों के साथ आए अभिभावकों को परीक्षा केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर रोक दिया गया। जिससे ज्यादा लोग परीक्षा केंद्र के पास मौजूद न रहें।
एनाउंसमेंट करके स्टूडेंट्स को दी गई जानकारी
सभी परीक्षार्थियों को नियमों की जानकारी देने एवं परीक्षा देते समय उन्हें किन बातों का ध्यान रखना होगा। साथ ही किन डॉक्यमेंट्स को अपने साथ रखना होगा आदि की जानकारी एनाउसमेंट के जरिए दी गई। इसके लिए जगह—जगह माइक लगाए गए। परीक्षा केंद्र के अंदर छात्रों को किसी प्रकार का कागज और न ही कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति है।
खास मास्क के साथ एंट्री (3 Ply Mask)
जेईई मेन की परीक्षा में परीक्षार्थियों को घर से पहने हुए मास्क लगाकर परीक्षा देने की अनुमति नहीं थी। उन्हें परीक्षा केंद्र की ओर से दिए गए थ्री प्लाई मास्क के साथ कक्ष में अंदर एंट्री दी गई। ये एक ऐसा मास्क है जिसमें तीन परतें होती है।। इसमें सबसे बाहरी सतह हाइड्रोफोबिक यानी वॉटर प्रूफ होती है। बीच की सतह मेल्ट ब्लॉन फिल्टर सतह और तीसरी सतह मुंह-नाक से निकलने वाले एयर पार्टिकुलेट को सोखने के काम आती है। इसे काटने पर सबसे ऊपर एक पारदर्शी सतह, बीच में सफेद और तीसरी सतह नीली, हरी या सफेद साफ देखी जा सकती है।
Published on:
1 Sep 2020, 11:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.