चार राज्यों में सतर्कता बरतने के निर्देश
केंद्र ने आसाराम के खिलाफ जोधपुर की एक अदालत से बुधवार को फैसला सुनाए जाने से पूर्व राजस्थान, गुजरात, यूपी और हरियाणा को सुरक्षा कड़ी करने और अतिरिक्त बल तैनात करने को कहा है। दिल्ली में भी पुलिस को सतर्क रहने को कहा गया है। दूसरी तरफ फैसले के बाद किसी भी तरह की हिंसा व आगजनी से निपटने के लिए जोधपुर को किले में तब्दील कर दिया गया है। हर जगह राज्य पुलिस और रिजर्व पुलिस को स्थिति से निपटने के लिए ड़यूटी पर लगा दिया है। धारा 144 लागू है। गॉडमैन के भक्तों द्वारा गैर कानूनी गतिविधियों से निपटने के सख्त हिदायत दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक संदेश जारी कर तीनों राज्यों से सुरक्षा मजबूत करने को कहा है। साथ ही यह सुनिश्चित करने को भी कहा गया है कि अदालत के आदेश के बाद कोई हिंसा न फैले। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान सहित चार राज्यों से संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात करने के लिए कहा गया है। आपको बता दें कि इन चार राज्यों में बड़ी संख्या में लोग आसाराम के भक्त हैं। गृह मंत्रालय का यह परामर्श डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बलात्कार के जुर्म में सजा सुनाए जाने के बाद हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ में बड़े पैमाने पर हुई हिंसा के मद्देनजर भेजा गया है।