काठमांडू: तिब्बत में कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए यात्रियों पर मौसम की मार पड़ी है। 2 यात्रियों के मारे जाने की खबर है। यात्रा पूरी करने के बाद वापस लौट रहे 1,500 से अधिक भारतीय नागरिक भारी बारिश और खराब मौसम के कारण नेपाल के हुमला जिले में स्थित सिमिकोट में फंसे हुए हैं। काठमांडू में भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव प्रणव गणेश ने कहा, "खराब मौसम के कारण बचाव अभियान में बाधा आ रही है। कुछ श्रद्धालु नेपाल-तिब्बत सीमा के समीप हिलसा में फंसे हुए हैं, जबकि कुछ सिमिकोट में फंसे हुए हैं।"दूतावास ने कहा कि सिमिकोट में 525, हिलसा में 550 और तिब्बत में 500 से अधिक श्रद्धालु फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जैसे ही मौसम में सुधार होगा, श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर से नेपालगंज लाया जाएगा।