
मुंबई में पावर कट होने पर ऐसा था रिएक्शन।
नई दिल्ली। एक तरफ देश की आर्थिक राजधानी मुबंई कोरोना ( COVID-19 in Mumbai ) महामारी से जूझ रही है। वहीं, दूसरी ओर सोमवार को बिजली गुल होने से मुंबई ( Mumbai Power Cut ) की रफ्तार पूरी तरह थम गई। लोकल ट्रेन अलग-अलग जगहों पर अचानक रुक गई, जिससे लाखों लोग बीच सफर में फंस गए। इतना ही नहीं घरों, दफ्तरों, हॉस्पिटल तक में बिजली की सप्लाई अचानक बंद हो गई। सड़कों पर ट्रैफिक सिग्नल तक बंद हो गए। बिजली कटने का असर आम पब्लिक से लेकर बड़े-बड़े दिग्गजों पर भी पड़ा। इस दौरान लोगों ने अलग-अलग अंदाज में अपनी प्रतिक्रियाएं भी दी है।
मुंबई पावर कट पर ऐसा था रिएक्शन
रिपोर्ट के अनुसार, करीब तीन घंटे तक मुंबई में बिजली सेवा ठप रही। कई कंपनियों के काम रुक गए। माना जा रहा है कि इस पावर कट से देश की आर्थिक राजधानी को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, पावर कट का असर एयरपोर्ट पर नहीं पड़ा। इसके अलावा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर बिजली कटने का असर नहीं पड़ा। पावर कट होने पर सेलिब्रिटियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। पावर कट होने पर अभिनेत्री कंगना रनौत ने शिवसेना नेता संजय राउत और कॉमेडियन कुणाल कामरा की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि मुंबई में पावर कट और महाराष्ट्र रकार क-क-कंगना रट रही है। अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि बत्ती गुल। वहीं, अशोक पंडित ने लिखा मुंबई के इतिहास में आज तक ऐसा पावर कट नहीं हुआ।
सोनू सूद की हो रही जमकर तारीफ
वहीं, अभिनेता कुणाल खेमू ने पावर कट पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा कि देश के अन्य इलाकों में अगर बिजली चली जाती है तो लोगों का क्या रिएक्शन होता है। खेमू ने कहा कि ये क्या हो गया। फिर बिजली चली गई क्या। कब आएगी, शाम को। चलो कोई नहीं, हाथ का पंखा ले आओ। वहीं, सिंगर अरमान मलिक ने लिखा कि लाइड आउट, पावर कट। क्या ब्रह्मांड हमसे यह कह रहा है कि अब समय आ गया है कि आप इंसान की तरह रहना शुरू कर दें। वहीं, एक्टर सोनू सूद ने लिखा कि मुंबई में दो घंटे बिजली नहीं आई तो पूरे देश को इसके बारे में पता चल गया। लेकिन, देश में कई ऐसे घर हैं, जहां हर दिन दो घंटे भी बिजली नहीं आती है। सोनू सूद के इस बयान की लोगों ने जमकर तारीफ की है और कमेंट कर रहे हैं।
Published on:
13 Oct 2020, 1:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.