
वाह! बिना ट्रैफिक रोके शांति से गुजरा पीएम मोदी का काफिला, बत्ती हरी होने का भी किया इंतजार
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री का काफिला कहीं से गुजरना हो तो आम आदमी यातायात रूकने और लेटलतीफी के लिए आमतौर पर पहले से तैयार रहता है। लेकिन शनिवार को दिल्ली में जो कुछ हुआ उसे जानकर आपको सुकून मिलेगा। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छता समर्थन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल बाबा अंबेडकर विद्यालय जाने के दौरान उनके काफिले का बिना अतिरिक्त सुरक्षा और व्यवस्था के निकलना सुर्खियों में बना हुआ है। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
रेड लाइट पर भी रूके प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी का काफिला राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज से निकला। लेकिन जिसने भी देखा उसे यकीन ही नहीं हुआ कि सिलसिलेवार चल रही काली गाड़ियों में से एक में प्रधानमंत्री मोदी हैं, क्योंकि न तो वहां पीएम के लिए ट्रैफिक रोका गया था और न ही काफिले के अलावा सुरक्षा का तामझाम था। और तो और शांति से गुजरता यह काफिला एक बार ट्रैफिक में भी फंसा और बाकायदा यातायात की बत्ती हरी होने का इंतजार करता दिखा। प्रधानमंत्री मोदी के काफिले के आसपास से बाइक वाले भी गुजर रहे थे।
वीवीआईपी संस्कृति के खात्मे का स्वागत
आमतौर पर प्रधानमंत्री का काफिला जहां गुजरता है वहां ट्रैफिक रोका जाता है और सुरक्षा को लेकर खास तैयारियां की जाती हैं। वीवीआईपी संस्कृति पर रोकथाम की दिशा में प्रधानमंत्री की इस पहल का लोगों ने स्वागत किया। खासकर तब जब देश में राजनीतिक दलों और आंदोलनकारियों के काफिलों से लगे जाम के चलते कुछ लोगों की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले मोदी सरकार लाल बत्तियां हटवाने की मुहिम को लेकर भी तारीफें बटोर चुकी हैं।
Published on:
15 Sept 2018 06:09 pm
