
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अचानक से एक बार फिर जनता के बीच में जाकर सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, पीएम मोदी ने गुरुवार को दिल्ली मेट्रो में सफर किया। पीएम मोदी ने धौला कुंआ से द्वारका तक मेट्रो की सवारी की। इस दौरान मेट्रो में सवार लोग पीएम को अपने बीच में पाकर काफी खुश नजर आए। यात्री पीएम से हाथ मिलाते तो कभी सेल्फी लेते नजर आए।
पीएम मोदी दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन और एग्जीबिशन सेंटर की आधारशिला रखने के लिए मेट्रो से द्वारका गए थे। 26 हजार करोड़ के बजट में बनने जा रहा ये एग्जीबिशन सेंटर देश का सबसे बड़ा इंडोर एग्जीबिशन सेंटर होगा. प्रधानमंत्री मोदी ने इसे अपने आप में एक ‘मिनी सिटी’ बताया, जहां एक ही कैंपस में कन्वेंशन सेंटर, एक्स्पो हॉल, मीटिंग हॉल, होटल, मार्केट, ऑफिस और दूसरी सुविधाएं मौजूद होंगी।