एक वरिष्ठ स्वास्थ्यकर्मी के अनुसार- कोयांबेडू मार्केट राज्य के लिए कोरोना हब साबित हो रही है। इसके माध्यम से चेन्नई ही नहीं, अरियालुर और पेराम्बलूर जैसे जिलों में भी इसी मार्केट के जरिए कोरोना वायरस फैला है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में यहां कोरोना मरीजों की संख्या सिंगल डिजिट में थी। अधिकारी के अनुसार- 30 अप्रैल से 12 मई तक चेन्नई के दक्षिण में स्थित ग्रामीण क्षेत्र अरियालुर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 7 से 344 तक पहुच गई। जबकि पेराम्बलुर में 9 से 192 हो गई। यहां मिले सारे मामले उन कामगारों से जुड़े हुए थे, जो कोयांबेडू में काम करते थे। इन शहरों के साथ ही चेन्न्ई के चेनाग्गलपट्टू और तिरुवल्लूर में भी कोरोना मामले क्रमश: 78 से 391और 55 से 467 हो गए। स्वास्थ्य विभाग ने पाया कि सभी मामले कोयांबेडू मार्केट से ही जुड़े हुए हैं। इन इलाकों में मार्केट में दिहाड़ी पर काम करने वाले लोग रहते थे।