
खुफिया एजेंसियों ने बिहार में दिवाली से पहले आतंकी हमले का इनपुट दिया है। इसे देखते हुए भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही रेलवे पुलिस और सभी सुरक्षा और खुफिया तंत्र को अलर्ट कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार- इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) ने बिहार में इस्लामिक आतंकी संगठनों की ओर से सार्वजनिक स्थानों के अलावा सुरक्षा बलों और उनसे जुड़े संस्थानों और कार्यालयों पर हमले की आंशका व्यक्त की है।
15 जिलों में बढ़ा की गई सुरक्षा व्यवस्था
इस सूचना के बाद राज्य के कम से कम 15 जिलों में पुलिस, सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया है तथा सुरक्षा बलों के कार्यालयों, कैंपों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बड़े रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड वाले क्षेत्रों पर भी सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पटना (रेल) के पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार के अनुसार- 'पर्व-त्योहार के मौके पर बिहार आने वाले यात्रियों की संख्या में काफी वृद्घि हो जाती है। इसके मद्देनजर सभी रेल पुलिस उपाधीक्षक से लेकर थाना प्रभारी तक को सतर्क कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए गए हैं। नक्सली गतिविधियों को लेकर भी अलर्ट कर दिया गया है।'
आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच
आतंकी हमलों के विषय के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई सूचना नहीं है, लेकिन एहतियातन सभी बड़े स्टेशनों पर आने-जाने वालों पर निगाह रखी जा रही है। पुलिस मुख्यालय सूत्रों के मुताबिक राज्य के पटना, नालंदा, जहानाबाद, गया, रोहतास, कैमूर, बक्सर, आरा, औरंगाबाद, नवादा और मुजफ्फरपुर जिले में अधिक सतर्कता बरती जा रही है। रविवार को पुलिस और सुरक्षा बलों की ओर से पटना सहित राज्य के कई इलाकों में आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार- रविवार को पटना रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल और रेलवे ट्रैक के आसपास सघन जांच अभियान चलाया गया। कई यात्रियों की तलाशी ली गई और उनके सामान की जांच की गई।
Updated on:
22 Oct 2019, 7:57 AM IST
Published on:
21 Oct 2019, 4:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.