
देहरादून: दून वन क्षेत्रों से भटक कर एक पैंथर मंगलवार दोपहर सहस्त्रधारा रोड के पास रिहायशी इलाके में घुस गया। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आदमखोर पैंथर ने मंगलवार को एक 32 वर्षीय युवक को निशाना बना लिया। इस युवक को पैंथर ने रायवाला-हरिद्वार नेशनल हाइवे के किनारे खांड गांव पुलिया के पास वन-क्षेत्र में निशाना बनाया। घटना की जानकारी मिलने पर राजाजी टाइगर रिजर्व देहरादून के डायरेक्टर सनातन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने आदमखोर पैंथर को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं, इसके लिए अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है। साथ ही जगह चिन्हित कर पिंजड़े भी लगाए गए हैं।
युवक का मिला शव
वन अधिकारियों और रायवाला पुलिस ने बताया कि सड़क से कुछ मीटर के अंदर जंगल में युवक की क्षतिग्रस्त लाश बरामद हुई। इस पर स्थानीय लोगों की सहायता से युवक की पहचान करने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर वनकर्मियों ने रायवाला पुलिस को सूचित किया।रायवाला पुलिस ने आसपास के थानों को भी इस बाबत सूचित कर दिया है। एसआई रायचंद पुरसोड़ा ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 32 वर्ष है। उसके कपड़ों की तलाश के दौरान कोई पहचान पत्र नहीं मिला है।वन अधिकारियों ने शव रायवाला पुलिस को सौंप दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने युवक की पहचान की कोशिशें
घबराए महिलाएं सड़क पर निकल आईं
इससे पहले पैंथर एक घर की दीवार फांदता हुआ एसके शर्मा के घर में जा घुसा। पैंथर को घर की तरफ आते देख महिला बच्चे समेत बुजुर्ग चिल्लाते हुए घर से बाहर निकल आए। घबराए लोग इधर से उधर भागने लगे। वहीं कुछ लोग घटनाक्रम पर नजर गड़ाए हुए देख रहे थे।
पैंथर के होने से सहमे हैं लोग
इस बीच पुलिस और फिर कुछ देर बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पैंथर को पकड़ने के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।राजा जी नेशनल पार्क की टीम ने मौके पर पहुंच जब पैंथर को ट्रैकुलाइज कर पकड़ने का प्रयास किया तो वह दीवार फांदकर भाग निकला। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी पैंथर की तलाश में लगे रहे। पैंथर के रिहायशी इलाके में होने की वजह से लोगों की नींद उड़ी हुई है।
भोजन की तलाश में शहर में आया पैंथर
बताया जा रहा है कि पैंथर आसपास के इलाकों में ही छुपा है। वह कभी भी निकल सकता है। जानकारों के मुताबिक खाने पीने की तलाश में पैंथर रिहायशी इलाके में घुस आया है। जानकार की मानें तो लोगों को देखकर यह जानवर घबरा गया है और इधर से उधर भटक रहा है। फिलहाल वन विभाग पैंथर की खोज कर रहा है और जल्द ही उसे रेस्क्यू करने का दावा कर रहा है। हालांकि इलाके में पैंथर के होने से लोग सहमे हुए हैं।