
नई दिल्ली। सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण राज्य मंत्री (एमओएस) रामदास आठवले ने प्रधानमंत्री की हत्या की साजिश रचने के खुलासे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हत्या के इस तरह के पत्र से डरने वालो में से नहीं है।बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तरह हत्या करने की साजिश का खुलासा हुआ है। यह हैरान करने वाला खुलासा महाराष्ट्र के भीमा-कोरेगांव में हुई हिंसा से जुड़े एक मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद सामने आए एक पत्र से हुआ है। यह चौंकाने वाला पत्र पुणे पुलिस को एक आरोपी के घर से मिला है। गिरफ्तार हुए पांचों लोगों पर प्रतिबंधित कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवाद) से जुड़े होने, विवादास्पद पर्चे बांटने, नफरत फैलाने वाले भाषण देने का आरोप है।