
शांघाई। मशहूर मॉर्शल आर्टिस्ट ब्रूस ली की बेटी ने एक फूड चेन कंपनी पर अपने पिता की तस्वीर इस्तेमाल करने के लिए मुकदमा ठोका है। उन्होंने 30 मिलियन डॉलर के भुगतान की मांग की है। ब्रूस ली की उद्यमी बेटी शेनन ने फूड चेन कंपनी पर बिना परिवार की अनुमति के पिता की तस्वीरें इस्तेमाल करने के लिए केस किया है। शेनन की कंपनी ब्रूस ली एंटरप्राइजेज ने रेस्तरां चेन कुंगफू कैटरिंग मैनेजमेंट पर बौद्धिक संपदा कानून के उल्लंघन को लेकर आरोप लगाए हैं।
ब्रूस ली की तस्वीर को लेकर हुआ विवाद
शेनन का आरोप है कि फूड चेन कंपनी ने उनके पिता की तस्वीर का इस्तेमाल करीब 15 वर्षों तक किया। फूड चेन बौद्धिक संपदा अधिकार के तहत भुगतान किए बिना ही तस्वीर का प्रयोग कर रही है। फूड चेन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि चीन के अधिकारियों और विभिन्न विभागों की स्वीकृति के बाद ही तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
बेटी ने कंपनी से मांगे 30 मिलियन डॉलर
चीन की मीडिया के अनुसार शेनन ली ने कंपनी को नोटिस जारी किया है। शेनन ने तत्काल प्रभाव से कंपनी के लोगो से पिता की तस्वीर हटाने की मांग की। ब्रूस ली की बेटी ने मुआवजे के तौर पर कंपनी से 210 मिलियन युआन यानी लगभग 30 मिलियन डॉलर भुगतान की भी मांग की है।
Updated on:
27 Dec 2019, 12:21 PM IST
Published on:
27 Dec 2019, 12:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.