
सैंटियागो। चिली की राजधानी सेंटियागो में मेट्रो किराया बढ़ने के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान कुल 41 सबवे स्टेशन क्षतिग्रस्त हो गए। हिंसा बढ़ने के बाद बढ़े हुए किराए के ऐलान को वापस ले लिया गया है। आपको बता दें कि इस प्रदर्शन को लेकर अब तक कम से कम 308 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चिली के रक्षा मंत्री जेवियर इटुरियागा ने गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी।
शुक्रवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद सरकार को आपातकाल घोषित करना पड़ा और सैंटियागो तथा काकाबुको प्रांतों के साथ-साथ पुएंटे आल्टो और सान बरनाडरे नगर निकायों में सैनिक तैनात करने पड़े। लेकिन इसके बाद भी प्रदर्शन जारी रहा। प्रशासन ने इसके बाद रात्रि कर्फ्यू का भी ऐलान किया। लेकिन फिर भी शनिवार को भी हिंसा जारी रही। दशकों में हुए अब तक की सबसे भयंकर हिंसा के बाद राष्ट्रपति सेबास्टिन पिनेरा ने अपना फैसला वापस लेने का ऐलान कर दिया है।
इस हिंसक प्रदर्शन में चिली के कई गलियों में सैंकड़ों सैनिकों की तैनाती की गई। ये 1990 के बाद पहला ऐसा वाकया है जब सेना की इतनी बड़ी टुकड़ी तैनात की गई हो। आपको बता दें कि इससे पहले रक्षामंत्री ने कहा था कि, 'सोमवार से पहले बहुत काम करना है, जिससे हर कोई अपने काम पर जा सके और सामान्य जीवन जीना शुरू कर सके।'
पुलिस महानिरीक्षक मौरीसियो रोड्रिगेज ने बताया कि विरोध प्रदर्शनों में 11 नागरिक और 156 अधिकारी घायल हुए और पुलिस के 49 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बता दें कि सरकार ने छह अक्टूबर को सैंटियागो मेट्रो का किराया 'पीक टाइम' में 800 से बढ़ाकर 850 चिली पेसो करने का फैसला लिया था, इसके बाद यह विरोध प्रदर्शन शुरू हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि किराया बढ़ाना अन्याय है और यह देशभर में औसत किराये से भिन्न है।
Updated on:
20 Oct 2019, 9:53 AM IST
Published on:
20 Oct 2019, 9:52 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.