
Donald Trump and wife Melania Corona positive
वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप कोरोनावायरस से संक्रमित हैं। दंपति ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग पोस्ट में इसकी घोषणा की और कहा कि 'वे ठीक हैं' और 'घर पर क्वारंटीन' में रहेंगे। ट्रंप ने गुरुवार देर रात ट्वीट कर कहा, "फर्स्ट लेडी और मैं कोविड-19 पॉजिटिव निकला हूं। हम अपना क्वारंटीन और रिकवरी प्रक्रिया फौरन शुरू करेंगे। हम इससे साथ में उबर जाएंगे।"
वहीं, मेलानिया ने भी ट्वीट कर कहा, "जैसा कि कई अमेरिकी लोगों ने इस साल किया है, कोविड-19 पॉजिटिव निकलने के बाद राष्ट्रपति और मैं घर पर क्वांरटीन में रहेंगे। हम ठीक हैं और आगामी सारे कार्यक्रम टाल दिए गए हैं।"
उन्होंने कहा, "कृपया सुनिश्चित करें कि आप सुरक्षित हैं और हम मिलकर इसका सामना करेंगे।"
व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक ज्ञापन में राष्ट्रपति के चिकित्सक शॉन कॉनले द्वारा भी इस खबर की पुष्टि की गई।
कॉनले ने कहा, "राष्ट्रपति और प्रथम महिला इस समय ठीक हैं, और स्वास्थ्य लाभ के दौरान उनकी योजना व्हाइट हाउस के अंदर घर पर रहने की है।"
उन्होंने कहा, "व्हाइट हाउस की मेडिकल टीम और मैं सतर्क निगरानी बनाए रखेंगे और मैं हमारे देश के कुछ जानेमाने चिकित्सा पेशेवरों और संस्थानों द्वारा प्रदान किए गए सहयोग की सराहना करता हूं।"
कॉनले ने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि रिकवरी के दौरान राष्ट्रपति बिना किसी व्यवधान के अपने कर्तव्यों का पालन करते रहेंगे।
राष्ट्रपति के कोरोना संक्रमित होने की घोषणा करने के बाद, व्हाइट हाउस ने एक नया कार्यक्रम भी जारी किया जिसमें कहा गया था कि कई कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है, जिसमें वाशिंगटन में एक फंडरेजर और फ्लोरिडा में एक कैम्पेन रैली शामिल है।
इससे पहले, गुरुवार को ट्रंप के सबसे करीबी सहयोगी में से एक, व्हाइट हाउस की सलाहकार होप हिक्स के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
एक जानकार सूत्र ने न्यूज वेबसाइट द हिल को बताया कि होप ने इस सप्ताह की शुरुआत में राष्ट्रपति के साथ एयर फोर्स वन में एक यात्रा की थी।
होप हिक्स के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद ट्रंप ने ट्वीट किया था, "होप हिक्स, जो एक छोटा सा भी ब्रेक लिए बिना इतनी मेहनत करती रही हैं, वह कोविड-19 पॉजिटिव निकली हैं, यह भयावह है।"
बता दें कि अमेरिका में 7,277,352 लोग कोरोनावायरस से संक्रमित हैं और 207,791 लोगों की इससे मौत हो चुकी है।
Updated on:
2 Oct 2020, 7:14 PM IST
Published on:
2 Oct 2020, 2:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.