
भारत से वार्ता के लिए झुका पाकिस्तान, कहा-युद्ध नहीं वार्ता ही विकल्प
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा भारत को लेकर दी गई तीखी प्रतिक्रिया के बाद अब पाकिस्तान के तेवर नरम होते दिखाई पड़ रहे हैं। दरअसल पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने मीडिया में दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि भारत के साथ बातचीत ही एकमात्र रास्ता है। कुरैशी ने कहा कि युद्ध कोई विकल्प नहीं है। सैन्य तरीका उपाय नहीं है,बातचीत ही एकमात्र उपाय है। गौरतलब है कि न्यूयॉर्क में यूएन महासभा के दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाक से बातचीत से इनकार कर दिया था। पहले महासभा में दोनों की बैठक तय की गई थी,मगर कश्मीर में हो रहे हमलों को लेकर उन्होंने इसे रद्द कर दिया था। इस दौरान कुरैशी ने कहा कि यह भारत पर निर्भर करता है कि वह पड़ोसी से कैसा संबंध निभाए।
इमरान खान ने भारत को लेकर तीखी टिप्पणी की थी
बता दें कि बीते दिनों पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भारत को लेकर तीखी टिप्पणी की थी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि शांति-वार्ता बहाली की मेरी पहल पर भारत के अहंकारी और नकारात्मक जवाब से निराश हूं। हालांकि,मैं अपनी जिंदगी में बड़े ओहदों पर बैठे ऐसे छोटे लोगों से मिला हूं, जिनके पास बड़ी तस्वीर देखने का नजरिया नहीं है।'
इमरान खान ने पीएम मोदी को पत्र लिखा था
इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच बंद पड़ी बातचीत को फिर से शुरू करने के लिए इमरान खान ने पीएम मोदी को पत्र लिखा था। हालांकि,भारतीय सैनिकों पर हो रहे हमलों के बीच भारत ने किसी भी स्तर पर बातचीत से इनकार कर दिया था। जिसके बाद भारत को लेकर इमरान खान के ऊंचे तेवर नजर आए थे। इमरान का कहना है कि वह वार्ता के जरिए शांति चाहते है। मगर भारत इस वार्ता से इनकार कर जनता को राहत नहीं देना चाहता है।
Published on:
29 Sept 2018 12:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
