17 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Punjab News: युवतियों की खरीद-फरोख्त का मामला गरमाया, पीड़ित परिवार ने पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए

Mohali News: नौकरी और फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर युवतियों की खरीद-फरोख्त करने के आरोपों को लेकर पीड़ित परिवार सामने आया है। परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने और मारपीट का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
2 min read
Google source verification
Human Trafficking

पंजाब पुलिस। फाइल फोटो- पत्रिका

मोहाली। पंजाब के मोहाली में नौकरी और फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर युवतियों को बेचने के गंभीर आरोप सामने आए हैं और इस सिलसिले में शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने यहां प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने बताया कि उसे पहले मोहाली से बठिंडा ले जाया गया और वहां कथित तौर पर उसकी खरीद-फरोख्त की गई।

यह वीडियो भी देखें

उसने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने उसे खरीदा था, उन्होंने उसके पिता से डेढ़ लाख रुपए की मांग की। मजबूरी में उसके पिता ने गहने और जमीन बेचकर रकम का इंतजाम किया, जिसके बाद उसे वापस घर भेजा गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि मोहाली के कुंभड़ा क्षेत्र की एक महिला नौकरी और फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाती है और बाद में उनकी खरीद-फरोख्त कर देती है।

अभद्र व्यवहार का आरोप

परिवार का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो कार्रवाई करने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट भी की गई। प्रेस वार्ता में मौजूद समाजसेवियों ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि के भीतर प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच नहीं की गई और आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिस थाने का घेराव किया जाएगा और थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरना भी दिया जाएगा। इस पूरे मामले में थाना प्रभारी सतनाम सिंह ने संपर्क करने पर कहा कि मैं फिलहाल अवकाश पर हूं। पुलिस पर इस तरह के आरोप अक्सर लगाए जाते हैं। थाना क्षेत्र में कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। यदि इस तरह की कोई घटना हुई होगी, तो उसके फुटेज कैमरों में अवश्य रिकॉर्ड हुए होंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले मोहाली के एक निजी दफ्तर में युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, मृतका डिंपल और आरोपी हरविंदर पहले साथ काम करते थे और दोनों के बीच पहले दोस्ती, फिर प्रेम संबंध थे। रिश्ता टूटने के बाद दोनों में विवाद चल रहा था। ऑफिस में कहासुनी के दौरान हरविंदर ने डिंपल पर कई वार कर दिए। बाद में उसने खुद को भी घायल कर लिया। डिंपल की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी।