
मुरादाबाद.यूपी बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन जिले में दुखद खबर सामने आई है। नवजागरण इंटर कॉलेज दूल्हापुर के प्रिंसिपल को ट्रक ने कुचल दिया है। बताया जा रहा है कि वे सुबह बाइक से परीक्षा संपन्न कराने कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक को एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच ट्रक चालक मौके फरार हो गया। घटना के बाद घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस वजह से सड़क पर जाम भी लग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ठाकुरद्वारा-स्योहारा रोड पर बुधवार की सुबह साढ़े छह बजे के करीब पानूवाला निवासी प्रिंसिपल ऋषिराज सिंह सुबह बाइक से कॉलेज जा रहे थे। गुलाबनगर में दूल्हापुर मोड़ पर रोड क्रॉस करते समय खनन से लदे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वे बाइक समेत ट्रक के नीचे दब गए। जिस कारण उनकी मौके पर मौत हो गई। जबकि उनकी बाइक चकनाचूर हो गई। घटना के बाद राहगीरों के साथ ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि ट्रक चालक भाग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रिंसिपल की मौत से कॉलेज स्टाफ और छात्रों में शोक माहौल है। आरएसएम ग्रुप आफ कालेज के एमडी राजेश सिंह ने प्रधानाचार्य की मौत को शिक्षा क्षेत्र की बड़ी हानि बताकर शोक संवेदना व्यक्त की है।
यहां बता दें कि ठाकुरद्वारा में बड़े पैमाने पर खनन का अवैध कारोबार हो रहा है, जिस कारण रात के अंधेरे और तड़के सुबह भारी वाहन रफ्तार भरते हैं। इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन आज के हादसे में प्रिंसिपल की मौत से इलाके के लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। वहीं सीओ ठाकुरद्वारा विशाल यादव ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
Published on:
7 Feb 2018, 12:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.