
इस इंजेक्शन का हो रहा था गलत जगह इस्तेमाल, ड्रग्स विभाग के छापे में हुआ खुलासा
मुरादाबाद: मुरादाबाद मंडल नकली और प्रतिबंधित दवाइयों के काले कारोबार का हब बनता रहा है। जी हां कुछ ऐसा ही मामला आज शाम शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में ड्रग्स विभाग की टीम को मिला। यहां से टीम ने मुखबिर की सूचना पर आठ हजार पेंटालब इंजेक्शन बरामद किये । जिनकी कीमत मेडिकल क्षेत्र में पचास हजार है,जबकि ब्लैक मार्केट में इनकी कीमत पांच लाख आंकी जा रही है। ड्रग्स विभाग व कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में टीम ने मौके दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ जारी है। ड्रग्स विभाग के अधिकारीयों के मुताबिक इन इंजेक्शनों को नशेड़ियों को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। अभी ये नहीं पता चल सका है कि इन लोगों ने ये इंजेक्शन कहां से ख़रीदे थे।
ऐसे पकड़ा गया खेल
ड्रग्स इंस्पेक्टर नरेश मोहन दीपक ने बताया कि आज उन्हें सूचना मिली थी कि मंडी चौक इलाके के गुलाल गली में इस तरह से इंजेक्शन की खेप कोई लेने आ रहा है। जिस पर कोतवाली पुलिस के साथ गुलाल गली में छापा मारा गया। यहां दो लोगों से चार पेटी में आठ हजार पेंटालेब इंजेक्शन बरामद हुए हैं। इन्हे नशा करने वालों को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। अभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे इंजेक्शन कहां से खरीदते थे और कैसे किन्हें बेचते थे।
इन बीमारियों में होता है इस्तेमाल
इस इंजेक्शन का इस्तेमाल कैंसर और किडनी के दर्द में किया जाता है। इसकी साधारण मार्केट में कीमत पचास हजार है। जबकि ब्लैक मार्केट में तकरीबन पांच लाख कीमत के ये इंजेक्शन हैं। इन्हे नशेड़ी इस्तेमाल करते हैं। जिन्हे कुछ मेडिकल स्टोर्स संचालक सप्लाई करते हैं।इनके नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पहले भी पकडे गए थे नकली सैम्पल
यहां बता दें कि इससे पहले ड्रग्स विभाग की टीम शहर गलशहीद थाना क्षेत्र में एक गोदाम नुमा घर में छापा मारकर अवैध रूप से एक करोड़ रूपए से अधिक कीमत के दवाइयों के सैम्पल पकडे थे। जिसमें ये खुलासा हुआ था कि इन जानलेवा दवाइयों को गांव व् दूरदराज के झोलाछाप डाक्टरों को बेचा जाता था। इसी तरह का गैंग अमरोहा में भी पकड़ा गया था। जिससे ये माना जा रहा है कि मुरादाबाद और उसके आसपास के इलाके में नकली दवाइयों का कारोबार खूब फलफूल रहा है।
Published on:
25 May 2018, 10:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.