
मुरादाबाद: जनपद में सड़क हादसे के बाद एक अनोखा मामला देखने को मिला। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पार्कर रोड पर हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस के सामने अजीबोगरीब स्थिति हो गयी। दरअसल सड़क पर एक घोड़ा सामने से आ रही एक स्कूटी से टकरा गई। हादसे के बाद स्कूटी सवार महिला घायल हो गयी और उसने पुलिस को मामले की शिकायत कर दी। जिसके बाद पुलिस ने घोड़े के मालिक को चौकी पर बुला लिया। इस दौरान हादसे का जिम्मेदार घोड़ा भी चौकी पर बंधा रहा। घोड़े को पुलिस के सामने पेश करने के बाद मौके पर अजीब स्थिति बनी रही।
सिविल लाइन स्थित रेल चौकी पर खड़ा यह घोड़ा देखकर आप चौक सकते है। दरअसल एक शादी समारोह के लिए जा रहे इस घोड़े पर आरोप है कि इसने स्कूटी सवार एक महिला को टक्कर मार दी जिसके बाद महिला घायल हो गयी। घोड़े की टक्कर से घायल हुए महिला ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया और कार्रवाई करने की मांग करने लगी। महिला की शिकायत पर पुलिस घोड़े ओर उसके मालिक को लेकर चौकी पर पहुंच गई। चौकी पर घोड़े को गेट के सामने बांधकर दोनों पक्षो से बातचीत की गई तो दोनों पक्षो में समझौता हो गया।
समझौते के बाद दोनों पक्ष मौके से चले गए और घोड़ा भी अपने मालिक के साथ शादी समारोह के लिए निकल पड़ा। मामले में सबसे बड़ी राहत की सांस पुलिस ने ली क्योंकि अगर महिला मुकदमे के लिए अड़ जाती तो फिर पुलिस किन धाराओं में मुकदमा दर्ज करती ये सबसे बड़ा सवाल है। बहरहाल दोनों पक्षो की आपसी सहमति के बाद मामला सुलझा लिया गया लेकिन घोड़े की चौकी पर अनोखी पेशी शहर में चर्चा का विषय जरूर बन गयी
रेल चौकी इंचार्ज सतीश कुमार ने बताया की चौकी पर आकर दोनों पक्षों में समझौता हो गया और दोनों ने सहमती से किसी पर कार्यवाही की बात नहीं कही। इसलिए कोई कानूनी कार्यवाही इस मामले में नहीं हुई।
Published on:
6 Feb 2018, 3:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.