अमरोहा के गजरौला में ब्रजघाट पर रविवार की सुबह सात बजे सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जमा हो गए। धनौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव तरारा भी वहां पहुंचे। कुछ देर बाद ही कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान भी आ गए और फिर शुरू की गई एक कांवड़ देश के नाम यात्रा। यात्रा का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री ने किया। सभी भाजपा कार्यकर्ता पैदल ही यात्रा में शामिल हुए और भारत माता की जय, के जयकारे हाइवे पर गूंजते रहे। जगह-जगह कार्यकर्ताओं व लोगों ने यात्रा का जबरदस्त स्वागत किया। चौपला, रजबपुर, अतरासी चौराहा पर यात्रा का जोरदार इस्तकबाल किया गया।