
जवानी में “कालिया” ने कुछ किया था ऐसा कि बुढ़ापे में बन गया था दस हजार का ईनामी
मुरादाबाद: शहर की मुगलपुरा पुलिस ने पिछले 24 साल से साइकिल चोरी के आरोप में फरार चल्र रहे दस हजार के ईनामी आरोपी कालिया को गिरफ्तार किया है। जिसे पुलिस ने चालान कर जेल भेज दिया था। पुलिस की इस कार्यवाही के बाद वो कहावत सही बैठ रही है कि अपराधी कितना ही शातिर क्यों न हों,कानून के लम्बे हाथ उसे जकड़ ही लेते हैं। कुछ यही कहानी कालिया के केस में भी है। जिसमें जवानी में किये गए अपराध में अब कालिया को बुढ़ापे में जेल जाना पड़ रहा है वो भी महज उस दौरान एक हजार से कम की साईकिल चोरी के इल्जाम में।
क्या था मामला
दस हजार रुपये का इनामी यह अपराधी पिछले तीन दशक से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। 28 जुलाई 1987 को मुगलपुरा थाना क्षेत्र के सराय किशन लाल मोहल्लें में रहने वाले महेश नाम के व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत की कि उसकी साइकिल चोरी हो गयी है और साइकिल मुन्नी उर्फ कालिया नाम के शख्स ने चोरी की है। पुलिस ने महेश की तहरीर पर मुन्नी उर्फ कालिया के खिलाफ आईपीसी की धारा 379 के तहत मुकदमा दर्ज किया और कुछ दिनों बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मुकदमे का क्राइम नम्बर 174/87 था।
जमानत के बाद हो गया गायब
गिरफ्तारी के बाद कालिया को जेल भेज दिया गया जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। मुकदमें की सुनवाई शुरू हुई तो कालिया किसी भी सुनवाई में शामिल नहीं हुआ । कई समन जारी होने के बाद भी जब कालिया की जानकारी नहीं मिली तो 1994 में न्यायालय ने उसको फरार करार दिया और पुलिस को आदेश दिया कि कालिया को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाय।
बदल देता था ठिकाना
पुलिस ने कालिया को तलाश करना शुरू किया तो मालूम हुआ कि जमानत पर छूटने के बाद उसने अपना घर बेच दिया और किसी दूसरी जगह जाकर रहने लगा था। पिछले पच्चीस सालों से कालिया कई मोहल्लों में घर बदल बदल कर रह रहा था। पुलिस ने कालिया की तलाश में उसके कई ठिकानों पर दबिश भी दी लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
कल ही हुआ था दस हजार का इनाम घोषित
एसएसपी जे. रविन्द्र गौड़ ने कल मुन्नी उर्फ कालिया पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया तो मुगलपुरा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कालिया को मुगलपुरा क्षेत्र के हाफिज बन्ने की पुलिया से गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
3 Jun 2018, 2:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.