
फेसबुक लाइव पर सांसद को एके 47 से दी थी मारने की धमकी, गिरफ्तार होने के बाद बोला, मुझे दे बस दस मिनट...क्यों ?
मुरादाबाद: बीते सप्ताह सांसद सर्वेश सिंह और डीएम राकेश कुमार सिंह को ठाकुरद्वारा निवासी एक युवक ने फेसबुक लाइव पर एके 47 से उड़ाने की धमकी दी थी। उसने अपने गांव में राशन डीलर द्वारा ग्रामीणों को राशन न बांटने और ब्लैक करने का आरोप लगाया था। सांसद और डीएम को धमकी से पुलिस प्रशासन में हडकम्प मच गया था। सांसद के प्रतिनिधि ने मुकदमा भी दर्ज करवाया,जिस पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने के बाद भी युवक के तेवर कम नहीं हुए और बोला कि मुझे दस मिनट दे दो सबकी पोल खोलकर रख दूंगा।
दी थी धमकी
ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के रहने वाले रोहताश कुमार ने फेसबुक पर वीडियो अपलोड कर डीएम और सांसद को एके-47 से उड़ाने की धमकी दी थी। रोहताश कुमार का आरोप था कि अपने गांव के राशन डीलर की शिकायत करने पर सांसद ने अधिकारियों के साथ मिलकर उस पर फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया और अब उसके एनकाउंटर की तैयारी की जा रही है। रोहताश के मुताबिक राशन डीलर को सांसद का संरक्षण हासिल था लिहाजा आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कि गयी।
तेवर नहीं हुए कम
डीएम और सांसद को धमकी देने का वीडियो अपलोड करने के बाद सांसद के प्रतिनिधि की तहरीर पर पुलिस ने रोहताश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के विरोध में रोहताश ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। जेल जाने से पहले रोहताश ने धमकी दी कि अगर उसके साथ न्याय नहीं हुआ और देशद्रोह का मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो वह जेल में भी भूख हड़ताल जारी रखेगा और अपनी जान दे देगा। रोहताश का दावा है कि राशन डीलर की जांच के लिए उसको दस मिनट का समय दिया जाय तो वह फर्जीवाड़े की पोल खोल देगा।
जारी रहेगी लड़ाई
वायरल वीडियो में रोहताश जेल जाने के बाद धर्म परिवर्तन करने और आतंकी सगठनों के साथ मिलकर बन्दूक के दम पर न्याय पाने का दावा करता नजर आया था। जेल जाने से पहले रोहताश ने कहा कि वह अपने दावे पर कायम है और न्याय के लिए उसकी लड़ाई जारी रहेगी। अन्ना हजारे के साथ आंदोलन करने का दावा कर रहा रोहताश का आरोप है कि राशन डीलर गरीबो के हक पर डाका डाल रहें है और गरीबो को न्याय नहीं मिल रहा है।
पुलिस अधिकारी खामोश
पुलिस द्वारा रोहताश को कोर्ट में पेश किया गया जहां से रोहताश को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। रोहताश के भूख हड़ताल के दावे पर अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहें है।
Published on:
21 Nov 2018, 8:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.