
यात्रीगण कृपया ध्यान दें, 30 जून तक इस वजह से नहीं चलेगीं ये 14 जोड़ी ट्रेनें
मुरादाबाद: रेलवे भले ही यात्री सुविधाओं की बेहतरी का दावा करे लेकिन ट्रेनों की हालत अभी भी सुधरने का नाम नहीं ले रही है। वहीँ गर्मियों की छुट्टियों में घूमने प्लान बना लोगों को उत्तर रेलवे से निराशा हाथ लगी है। जी हां ट्रैक मरम्मत के नाम पर मुरादाबाद रेल मंडल गुजरने वाली 14 जोड़ी ट्रेनों को 26 मई से 30 जून तक रद्द कर दिया गया है। जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पिछले काफी समय से यात्री ट्रेनें घंटों की देरी से चल रहीं हैं। जिसको लेकर रेलवे बोर्ड ने भी नारजगी जताई थी और ट्रेनों को समय पर संचालन के लिए सभी रेल मंडलों को हिदायत भी दी थी। सबसे ज्यादा बुरी स्थिति मुरादाबाद रेल मंडल की ही थी। यहां दो से तीन तीन दिन तक लेट ट्रेनें चलीं।
मंडल में पटरियां हो चुकी हैं जर्जर
दरअसल मुरादाबाद रेल मंडल में ज्यादातर रेल पटरियां पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं। जिससे इन पटरियों पर ट्रेनें तेज गति से नहीं चल पा रहीं। यही नहीं दुर्घटना की सम्भावना भी बनी रहती है। इसलिए इस रुट पर तेजी से पटरियों को बदलने का काम किया जा रहा है। नयी पटरियां बिछाने के लिए अभी दो दिन पहले ही मंडल को टीआरटी मशीन भी मिली है। जो एक घंटे में चार सौ मीटर रेलवे ट्रैक को बदल रही है। इसे और तेज करने के लिए ही शनिवार और रविवार को मुरादाबाद मंडल में मेगा ब्लॉक लिया गया है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी नितिन चौधरी के मुताबिक मुरादाबाद सहारनपुर रुट पर पटरियों को बदला जा रहा है। इसलिए कुछ ट्रेनों को रद्द किया जा रहा है।
ये ट्रेनें रद्द की गयीं हैं
सत्याग्रह एक्सप्रेस
लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस
शहीद एक्सप्रेस
सरयू यमुना एक्सप्रेस
जनसेवा एक्सप्रेस
प्रयाग बरेली एक्सप्रेस
जम्मूतवी एक्सप्रेस
गंगासतलुज एक्सप्रेस
सद्भावना एक्सप्रेस
त्रिवेणी एक्सप्रेस
बरेली वाराणसी एक्सप्रेस
जन साधारण एक्सप्रेस
एक महीना होगी दिक्क्त
ये वो सभी ट्रेनें हैं जो पंजाब दिल्ली को पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार से जोड़ती हैं। रोजाना हजारों यात्री इन ट्रेनों से यात्रा करते हैं। लिहाजा उनके सामने भारी किल्ल्त होने वाली है। वहीँ जानकारी में ये भी आया है कि कुछ ट्रेनों को आगे भी रद्द किया जा सकता है। अभी हालात ये हैं कि दर्जन भर से अधिक ट्रेनों का समय पर संचालन नहीं हो पा रहा। रोजाना मंडल में कहीं न कहीं दुर्घटना भी हो रही है। फ़िलहाल कुल मिलाकर अगले एक महीने ट्रेन से सफर करने वाले मुसाफिरों को काफी दिक्क्तों का सामना करना पड़ेगा ये तय है।
Published on:
27 May 2018, 12:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.