
विवेक तिवारी हत्याकांड: सोशल मीडिया पर इस तस्वीर के बाद पुलिस महकमे में मची खलबली
मुरादाबाद: सूबे की राजधानी लखनऊ में हुए एप्पल कम्पनी के अधिकारी विवेक तिवारी हत्याकांड में पुलिस ने भले ही आरोपी सिपाहियों को जेल भेज और पीड़ित को मुआवजा देकर शांत करने की कोशिश की हो। लेकिन अब ये मामला शांत होने की बजाय बढ़ता ही जा रहा है। खासकर पुलिस महकमे के लिए। जी हां बुधवार शाम को अराजपत्रित पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन ने जिस तरह सीएम योगी को ज्ञापन देकर सिपाहियों के समर्थन और उनकी तरफ से मामला दर्ज करवाने की मांग की थी। वहीँ अब इसके लिए पूरे सिपाही भी लामबंद हो रहे हैं। जिसमें वे इस मामले में एक तरफ़ा कार्यवाही होने पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और अपना विरोध वर्दी पर काली पट्टी बंधकर जता रहे हैं। पुलिस कर्मियों की ये तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। जनपद की पुलिस मीडिया सेल ने इस फोटो पर सभी थानों से पता कर जबाब मांगा है।
ऐसी है तस्वीर
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस फोटो में यूपी पुलिस के आठ सिपाही एक तरफ मुंह करके लाइन से खड़े हैं और सभी के दाहिने हाथ पर काली पट्टी बंधी है। फोटो देखकर साफ़ है कि ये फोटो के लिए ही दी गयी तस्वीर है। ऐसा माना जा रहा है कि आरोपी प्रशांत चौधरी और संदीप के समर्थन में सूबे के सिपाही एकजुट हो रहे हैं,जिसके लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। ये तस्वीर देखने के बाद पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गयी है।
तस्वीर की पुष्टि नहीं
इस तस्वीर की सच्चाई को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। क्यूंकि ये तस्वीर किस थाने की है और इसमें दिख रहे लोग वास्तव में पुलिस में हैं या नहीं। लेकिन लोकेशन असली थाने की ही दिख रही है। इसलिए पुलिस महकमे में खासा बेचैनी है। सभी थानों में ये तस्वीर भेज कर इन फोटो में दिख रहे सिपाहियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
सोशल मीडिया पर मांगा जा रहा समर्थन
यहां बता दें कि विवेक तिवारी हत्याकांड में आरोपी सिपाही की पत्नी ने भी ख़ासा हंगामा किया था। जिसका तबादला कर दिया गया था। वहीँ सिपाही के लिए कई लोगों ने चंदे का एलान भी किया था। सोशल मीडिया में हाल ही में महिला सिपाही की आत्महत्या और फिर इस घटना को जोड़कर उनके शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही जा रही है।
Updated on:
04 Oct 2018 04:56 pm
Published on:
04 Oct 2018 04:56 pm
