जंगल से भटककर धामपुर के पाडली माधु इलाके में आए एक चीतल के शव के साथ दो शिकारियों को वन विभाग की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शिकारियों के पास से वन विभाग के अधिकारियों ने मांस सहित भारी तादाद में औजार भी बरामद किए हैं।
पूरा मामला बिजनौर के थाना धामपुर के पाडली माधु इलाके का है। दरअसल जब एक चीतल जंगल से रिहायशी इलाके में घुसा और जैसे ही आवारा कुत्तों ने चीतल का शिकार करना चाहा तो वो अपनी जान बचाने के चक्कर में तालाब में जा गिरा। वहीं उसकी डूबने से मौत हो गई।
उधर वन अधिकारी प्रताप सिंह सैनी ने बताया कि इसका फायदा उठाते हुए पड़ोस के तीन शिकारी चीतल को सुनसान कमरे में ले गए और उसकी गर्दन काट डाली। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने दो शिकारी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि इनका तीसरा साथी भागने में कामयाब हो गया।