मुरादाबाद: शहर के मझोला थाना क्षेत्र में आज दोपहर उस समय हडकंप मच गया जब यहां अम्बेडकर पार्क में लगी डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के साथ किसी शरारती तत्त्व ने छेड़छाड़ कर दी। प्रतिमा की अंगुली तोड़ने के साथ पीछे से सिर में भी तोड़फोड़ की गयी। स्थानीय लोगों की सूचना पर आंबेडकर युवक संघ के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता पार्क में इकट्ठे हो गए और रोष जताया। सूचना पर फ़ोर्स के साथ मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी और लोगों को शांत किया। पुलिस ने तुरंत ही मूर्ति कारीगर को बुलाकर मूर्ति सही करवाई और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।