
मुरादाबाद में गुरुवार देर रात गश्त पर निकले कुछ पुलिसकर्मिंयों के साथ चार युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस वालों की वर्दी फाड़ी और एक सिपाही का गला दबाकर उसे मारने की कोशिश भी की। मौके पर वहां पहुंची पब्लिक ने किसी तरह से पुलिसकर्मियों को हमलावरों के चंगुल से छुड़वाया। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं इस घटना पर पुलिस का कहना है कि रात्रि गश्त के दौरान चार युवकों को बुध बाजार अजंता होटल के पास संदिग्ध हालात में खड़ा देखकर पुलिस ने उन्हें टोका था। जिसपर उन्होंने उल्टा ही पुलिस पर हमला करना शुरू कर दिया।
पूछताछ करने पर युवकों ने की मारपीट
उधर, इस घटना का शिकार बने कांस्टेबल शिव कुमार ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मैं कोतवाली नगर क्षेत्र की पीआरवी डायल 112 पर तैनात हूं। रात में करीब डेढ़ बजे मैं कांस्टेबल देवेंद्र कुमार के साथ गश्त पर था। तभी बुध बाजार में अजंता होटल के पास 4 लड़के खडे़ नजर आए। हमने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की तो वो आग बबूला हो गए। गाली-गलौज करते हुए चारों युवकों ने हमसे मारपीट शुरू कर दी। तभी कोतवाली की लैपर्ड पर तैनात कांस्टेबल ललित कुमार और होमगार्ड संजय कुमार शर्मा आ गए और हमने युवकों की तलाशी लेनी शुरू की तो चारों युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
पब्लिक की मदद से हमलावर किए गिरफ्तार
कांस्टेबल ने आगे बताया कि हमलावरों ने मेरी और कांस्टेबल देवेंद्र और ललित कुमार की गर्दन पकड़ कर जान से मारने की नीयत से जोर से दबानी शुरू कर दी। हमारी वर्दी भी फाड़ दी तभी मौके पर आए पब्लिक के दो लोगों ने हमें हमलावरों के चंगुल से बचाया। हमने पब्लिक की मदद से ही तीन हमलावरों को पकड़ लिया जबकि उनका एक साथी मौके से भाग निकला। वहीं कांस्टेबल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार पुत्र राम सिंह निवासी दयानाथपुर थाना छजलैट, उसके भाई अरुण, विनोद कुमार पुत्र मल्खान सिंह निवासी लदावली छजलैट और सचिन निवासी पोखरपुर उर्फ गोपालपुर नत्था नगला थाना छजलैट के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
Published on:
16 Sep 2022, 2:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.