8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गौसपुर में सशस्त्र डकैती, साढ़े चार लाख का माल समेटा

परिजनों को हथियारों के दम पर बनाया बंधक

2 min read
Google source verification
Morena News, Morena Hindi News, Mp Hindi News, Crime, Crime In City, Morena, Police, armed robbery

डकैती के बाद खुला पड़ा दीवान बेड।

मुरैना. सरायछोला थाना क्षेत्र के गौसपुर पंचायत के रामप्रकाश का पुरा में रात को सशस्त्र बदमाश परिजनों को बंधक बनाकर साढ़े चार लाख के जेवर समेटकर ले गए। बदमाश संख्या में दस थे और लाल साफी से मुंह बांधे हुए थे। बदमाशों की उम्र 20 से 25 साल के बीच होगी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भादंसं की धारा 394, 397 एवं 11, 13 डकैत अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
रामप्रकाश का पुरा निवासी शिवराम पुत्र गिरधारी लाल गोस्वामी ने बताया कि शनिवार की रात 11 बजे दस बदमाश मुंह बांधे हथियारों से लैस होकर आए और जबरन किबाड़ खुलवाए और हमारे सीने से बंदूक लगा दी। मुझे और गांव के किशन सिंह परमार शिक्षक व भतीजे ओमकार को बंधक बना लिया। शिक्षक जो कि खेत में पानी देने आए थे, वह भी यहीं सो गए। उसके बाद बदमाशों ने महिलाओं को अपनी चपेट लिया। कोई बोले या हरकत करे तो उसी से कट्टा, बंदूक लगाकर चुप करा देते। बदमाशों ने घर में घुसकर एक हार चार तोला, ब्रिजबाला, चूड़ी दो तोला, चार अंगूठी, एक जंजीर डेढ़ तोला, दो जोड़ी बाला, मंगलसूत्र एक तोला, चांदी की तीन जोड़ी पायल, आधी करधनी, भाई रामप्रकाश के घर से दो मंगलसूत्र, बाला, एक जंजीर, चांदी की पूरी करधनी, रामप्रकाश की लड़की नीलम जो अभी ससुराल से आई थी, उसका मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी चार, जंजीर व चांदी की पायल ले गए। वहीं 10 हजार रुपए शिवराम व पांच हजार रामप्रकाश के ले गए। बदमाश करीब 14 तोला सोना सहित साढ़े चार लाख का माल समेटकर ले गए। शिवराम के अनुसार बदमाश करीब एक घंटे तक घर को खंगालते रहे। चूकि दोनों भाइयों का मकान गौसपुर के हार में बना है, इसके आसपास कोई बस्ती नहीं है, इसलिए बदमाश डकैती के बाद आराम से निकल गए। चलते समय उनके मोबाइल भी ले गए कि कहीं पुलिस को फोन न कर दें। बदमाश जेवर निकाल कर ले गए और पर्स व डिब्बियों को घर के बाहर फेंक गए। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।