वनखंडी रोड पर पाठक वाली गली में बीते रोज बाइकर्स गैंग द्वारा दो बार फायरिंग की गई। ऐसा उन्होंने दहशत फैलाने के इरादे से किया। इस संबंध में महेश सिकरवार नामक व्यक्ति द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार तीन-चार बाइकों पर सवार होकर तकरीबन आठ-दस युवक सोमवार की शाम चार बजे पाठक वाली गली में आए और कट्टे लहराते हुए फायरिंग की। इस सिलसिले में महेश सिंह सिकरवार द्वारा कोतवाली में आवेदन दिया गया। इसके बाद रात 11 बजे बाइकर्स गैंग के सदस्य महेश सिकरवार के घर पहुंच गए और धमकाते हुए फिर से हवाई फायर किया। महेश सिकरवार ने अपने आवेदन में बजरंग गुर्जर, बल्ला गुर्जर, अतेन्द्र गुर्जर, दीपू घुरैया व दीपू मावई सहित चार अन्य लोगों पर फायरिंग का आरोप लगाया है। हालांकि सोमवार को आवेदन पर मामला दर्ज नहीं किया गया था, इसलिए महेश सिकरवार ने मंगलवार को अपना आवेदन पुलिस अधीक्षक को भी दिया। इसके बाद मामला दर्ज कर लिया गया है।