Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आर्टिकल 370 की बहाली का प्रस्ताव कश्मीर को तोड़ने की साजिश… कांग्रेस पर बरसे PM मोदी

PM Modi Maharashtra Rally : पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सरकार बनने के बाद कांग्रेस गठबंधन ने कश्मीर के खिलाफ अपनी साजिश शुरू कर दी है।

3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Nov 08, 2024

PM Modi in Maharashtra

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi Maharashtra Rally) ने प्रचार की कमान संभाल ली है। शुक्रवार को उन्होंने विपक्ष को मात देने और सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के लिए वोट मांगने के लिए धुले में अपनी पहली सभा की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाडी (MVA) पर जमकर निशाना साधा। एमवीए में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव गुट) और एनसीपी (शरद पवार) शामिल है।

‘कश्मीर में कांग्रेस की साजिशें शुरू- PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सरकार बनने के बाद कांग्रेस गठबंधन ने कश्मीर के खिलाफ अपनी साजिश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस और इंडी गठबंधन को जैसे ही जम्मू-कश्मीर में अपनी सरकार बनाने का मौका मिला, तो उन्होंने कश्मीर के खिलाफ अपनी साजिशें शुरू कर दीं... कांग्रेस गठबंधन ने आर्टिकल 370 को बहाल करने के लिए जम्मू-कश्मीर विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित किया... क्या देश यह स्वीकार करेगा?..."

‘महाराष्ट्र का आशीर्वाद मेरे साथ’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धुले में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “महाराष्ट्र से मैंने जब भी कुछ मांगा है, महाराष्ट्र के लोगों ने दिल खोलकर मुझे अपना आशीर्वाद दिया है। 2014 के विधानसभा चुनाव में मैं आपके बीच यहां धुले आया था। मैंने आपसे महाराष्ट्र में बीजेपी सरकार के लिए आग्रह किया था। आपने महाराष्ट्र में 15 साल के सियासी कुचक्र को तोड़कर बीजेपी को अभूतपूर्व जीत दिलाई थी। आज मैं एक बार फिर यहां धुले की धरती पर आया हूं। धुले से ही मैं महाराष्ट्र में चुनाव अभियान की शुरुआत कर रहा हूं। बीजेपी को और महायुति के एक-एक उम्मीदवार को आपका आशीर्वाद चाहिए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि पिछले 2.5 वर्षों में महाराष्ट्र के विकास को जो गति मिली है, उसे रुकने नहीं दिया जाएगा।“

पीएम मोदी ने राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का वादा किया और कहा, “अगले 5 वर्ष महाराष्ट्र की प्रगति को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। महाराष्ट्र को जो सुशासन चाहिए, वो सिर्फ महायुति की सरकार ही दे सकती है। दूसरी तरफ देखिए, महाआघाडी की गाड़ी में वैसे भी न पहिए हैं, न ब्रेक हैं और ड्राइवर की सीट पर बैठने के लिए भी झगड़ा हो रहा है।“

‘लोगों को लूटना इनका मकसद...’

विपक्षी खेमे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “राजनीति में आने पर हर किसी का अपना एक लक्ष्य होता है। हम जैसे लोग जनता को ईश्वर का रूप मानते हैं, जनता की सेवा के लिए राजनीति में आए हैं। वहीं कुछ लोगों की राजनीति का आधार है 'लोगों को लूटना'। जब लोगों को लूटने की नीयत वाले एमवीए में शामिल लोग सरकार में आ जाते हैं तो वो विकास रोक देते हैं, हर योजना में भ्रष्टाचार करते हैं।“

‘महाविकास आघाडी ने विकास को रोका’

पीएम मोदी ने आगे कहा, “आपने महाविकास आघाडी वालों के धोखे से बनी सरकार के 2.5 साल देखें हैं। इन लोगों ने पहले सरकार लूटी और फिर महाराष्ट्र के लोगों को लूटने में भी वो लोग लग गए थे। इन लोगों ने मेट्रो परियोजनाओं को ठप्प कर दिया। वधावन पोर्ट के काम में अड़ंगा लगा दिया, समृद्धि महामार्ग बनने में रुकावटें पैदा की। अघाड़ी वालों ने हर उस योजना पर रोक लगा दी, जिससे महाराष्ट्र के लोगों का भविष्य निश्चित उज्ज्वल होने वाला था।“

शिंदे सरकार के गठन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “फिर आपके आशीर्वाद से यहां महायुति की सरकार बनी। महायुति की सरकार ने 2.5 वर्षों में महाराष्ट्र ने विकास के नए रिकॉर्ड बनाएं। सीएम शिंदे की कमान में 2.5 वर्षों में महाराष्ट्र को उसका गौरव और विकास का भरोसा वापस मिला है।

मराठी भाषा का सम्मान बढ़ाया- PM मोदी

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, “मुझे गर्व है कि हमारी सरकार ने मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिया है। मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा मिले, ये दशकों से महाराष्ट्र के लोगों की इच्छा थी। कांग्रेस पार्टी ने महाराष्ट्र और केंद्र, दोनों जगह एक साथ सरकारें चलाईं। लेकिन, मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा मिले, इन्हें इसकी जरूरत नहीं लगी। इन्होंने हमेशा मराठी भाषा के सम्मान की मांग को अनदेखा किया। उन्हें अब भी परेशानी हो रही है कि मोदी ने ये काम कैसे कर दिया, क्यों कर दिया! महाराष्ट्र के नाम पर राजनीति करने वाले अघाड़ी वालों का यही असली चेहरा है।“

बता दें कि महाराष्ट्र की सभी 288 सीट पर 20 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।