मीरा भायंदर परिवहन सेवा की शुरुआत वर्ष 2006 में हुई थी और तत्कालीन सरकार ने जेएनएनयूआरएम योजना के तहत शहर के लिए 50 बसें उपलब्ध कराई थी। करीब 14 साल से चल रही यह सेवा जनता के लिए उपयोगी साबित हो रही है, लेकिन विभाग के लिए यह घाटे का सौदा है। बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए बसों की संख्या बाद में भी बढ़ाई गई, पर रखरखाव के अभाव में दर्जनों बसे खड़ी खड़ी सड़ रही है। बसों के परिचालन, ईंधन, रखरखाव पर हर साल करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जबकि इसके मुकाबले आवक बहुत ही कम है। शहर में चल रही अधिकतर बसों की हालत खराब है, यात्री अक्सर फटी सीटों को लेकर शिकायत करते रहते हैं। इंजन की कर्कश आवाज बताती है कि बसों को जबरन चलाया जा रहा है।