
Maharashtra Crocodile Video : महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में मॉनसून के एक्टिव होने से भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कोंकण के सभी जिलों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है और अलर्ट जारी किया है। इस बीच, कोंकण के रत्नागिरी जिले के चिपलून शहर में करीब 15 फीट लंबा एक मगरमच्छ घूमता दिखा।
पूरे राज्य में मॉनसून की दस्तक के बाद से बारिश हो रही है। इससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। लेकिन बारिश होते ही जमीन के भीतर रहने वाले कई जानवर रहवासी इलाकों में देखे जा रहे हैं। इस बीच एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक विशालकाय मगरमच्छ चिपलून शहर की व्यस्त सड़क पर रात में बड़े आराम से चलता दिख रहा है। इस दौरान वाहन से गुजर रहे कुछ लोग मगरमच्छ का वीडियो बना लेते हैं। यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो चिपलून के चिंचनाका इलाके की है। जहां सड़क पर मगरमच्छ दिखने से लोगों में डर का माहौल है। दरअसल चिपलून शहर से बहने वाली शिवा नदी में बड़ी संख्या में मगरमच्छ हैं। आशंका जताई जा रही है कि बारिश के कारण नदी का स्तर बढ़ गया है और इसमें मौजूद मगरमच्छ सड़क पर आ गए हैं।
Published on:
01 Jul 2024 06:00 pm
