
मुंबई में 4 नामी फूड आउटलेट्स पर FDA का एक्शन (Photo: X/@mumbaiheritage/File)
Mumbai FDA Action: मुंबई में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ IAS तुकाराम मुंढे की अगुवाई वाली एफडीए (FDA) की कार्रवाई लगातार जारी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) की जांच में गंभीर खामियां सामने आने के बाद शहर के चार खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें से दो मशहूर आउटलेट्स के एफएसएसएआई (FSSAI) खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि दो अन्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है।
FDA ने गोरेगांव पूर्व में आरे मिल्क कॉलोनी स्थित 'ईटक्लब ब्रांड्स प्राइवेट लिमिटेड' के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जांच के दौरान यहां खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े कई गंभीर उल्लंघन पाए गए। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों, रसायनों और कर्मचारियों के निजी सामान को उचित तरीके से स्टोर नहीं किया गया था। कर्मचारियों के लिए जरूरी स्वच्छता सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं थीं।
इसके अलावा, भोजन तैयार करने से पहले कच्चा माल को ठीक से साफ नहीं किया जा रहा था, और न ही खाद्य सुरक्षा से जुड़े खतरों के लिए उनकी जांच की जा रही थी। प्रतिष्ठान के लाइसेंस में दर्ज नहीं होने के बावजूद आइसक्रीम और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों की बिक्री किए जाने की बात भी सामने आई है। इन गंभीर कमियों को देखते हुए एफडीए ने प्रतिष्ठान का FSSAI खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एफडीए की जांच में कुर्ला स्थित 'रानी क्रिएटर्स कंसल्टेंट एंड सर्विस प्रोवाइडर्स' में भी गंभीर खामियां मिलीं। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में चूहों और कीड़ों का प्रकोप पाया गया। परिसर में तेल की चिकनाहट, जमा हुआ पानी और गंदगी भी मिली। इतना ही नहीं, खाद्य पदार्थों को ढकने के लिए अखबार का इस्तेमाल किया जा रहा था। कचरे और बेकार सामग्री के निपटारे की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के लिहाज से इन खामियों को गंभीर मानते हुए FDA ने खाद्य लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया है।
एफडीए की जांच में चेंबूर स्थित 'गुडलक बेकरी एंड स्टोर्स' और 'अशफाक बेकरी' में भी स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई। इन दोनों प्रतिष्ठानों में मिली कमियों के आधार पर FDA ने खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई प्रस्तावित की है। आगे की प्रक्रिया के बाद इनके लाइसेंस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
एफडीए की इस कार्रवाई से साफ है कि मुंबई में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। खाद्य प्रतिष्ठानों के लिए केवल खाना तैयार करना ही नहीं, बल्कि उसकी सही तरीके से स्टोरेज, स्वच्छ परिसर, कर्मचारियों की हाइजीन, कचरे का उचित निपटारा और वैध लाइसेंस के तहत खाद्य पदार्थों की बिक्री सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
Updated on:
03 Sept 2026 09:28 am
Published on:
03 Sept 2026 08:26 am
