
महाराष्ट्र में फिर भाजपा सरकार! राज्यपाल ने फडणवीस को दिया न्योता
मुंबई. महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा 105 सीटें जीतने वाली भाजपा को सरकार बनाने का न्योता दिया है। राज्यपाल ने भाजपा विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। उल्लेखनीय है कि फडणवीस शुक्रवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। राज्यपाल ने उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। राज्यपाल ने सोमवार तक भाजपा से जवाब मांगा है। बड़ा सवाल यह कि सरकार बनाने के लिए भाजपा समर्थन कहां से जुटाएगी। खासकर तब जबकि शिवसेना मुख्यमंत्री की कुर्सी की मांग पर अड़ी हुई है, जिसे छोडऩे के लिए भाजपा तैयार नहीं है।
विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 17 दिनों बाद भी राज्य में नई सरकार का गठन नहीं हो पाया है। विधानसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना के बीच गठबंधन था। शिवसेना के 56 विधायक चुने गए हैं। दोनों दलों को मिला कर 161 विधायक हैं। 288 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए 145 विधायकों के समर्थन की जरूरत है। इस हिसाब से भाजपा और शिवसेना के पास 161 विधायक हैं। लेकिन, शिवसेना ने ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के साथ ही सत्ता में 50:50 हिस्सेदारी की शर्त रखी है। भाजपा मुख्यमंत्री की कुर्सी छोडऩे के लिए तैयार नहीं है। यहीं पर सरकार का पेच फंसा हुआ है।
Updated on:
10 Nov 2019 12:17 am
Published on:
10 Nov 2019 12:17 am
