
2 साल के अफेयर के बाद प्रेमी ने ही महिला को कार से कुचला, फोटो सोर्स- IANS
Nashik Wadivarhe car accident turned murder: महाराष्ट्र के नासिक के वाडीवरहे इलाके से सड़क हादसे की आड़ में रची गई हत्या की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। शुरुआत में जिसे साधारण कार एक्सीडेंट माना जा रहा था, वह दरअसल विवाहेतर संबंध में हुई कहासुनी का खूनी अंजाम निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि 34 साल की रूपाली पाटिल की मौत हादसा नहीं, बल्कि उनके 43 साल के प्रेमी दीपक सैंदाने द्वारा कार से कुचलकर की गई हत्या थी।
महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सिडको क्षेत्र के एक डायग्नोस्टिक सेंटर में काम करने वाली रूपाली पाटिल कंपनी के काम के सिलसिले में अपने परिचित दीपक सैंदाने के साथ कार से वाडीवरहे गई थीं। दोनों ने संजेगांव स्थित मिर्ची होटल-रिसॉर्ट में खाना खाया।पुलिस पड़ताल में सामने आया कि गाड़ी चलाने के दौरान दीपक ने शराब पी रखी थी। रिसॉर्ट में दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। इसके बाद रूपाली गुस्से में रिसॉर्ट के मुख्य गेट की ओर पैदल जाने लगीं। तभी दीपक ने शराब के नशे में तेज रफ्तार कार सीधे पीछे से रूपाली के ऊपर चढ़ा दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रूपाली की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी। हालांकि, मौका-ए-वारदात पर परिस्थितियों को संदिग्ध देखकर वाडीवरहे थाना पुलिस ने दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। एबीपी लाइव मराठी के अनुसार, कड़ी पूछताछ के दौरान दीपक ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह और रूपाली पिछले दो वर्षों से रिलेशन में थे। वाडीवरहे पुलिस ने आरोपी दीपक सैंदाने के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका रूपाली पाटिल अपने पीछे पति नीलेश पाटिल, एक सात वर्षीय मासूम बेटी और सास-ससुर को छोड़ गई हैं। इस सनसनीखेज वारदात की खबर जैसे ही सिडको और अंबड इलाके में फैली, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
Updated on:
21 Aug 2026 04:35 pm
Published on:
21 Aug 2026 04:35 pm
