4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मुंबई में घर पहुंचते ही मासूम ने दादी को बताई बात, स्कूल बस में रेप के आरोप में ड्राइवर गिरफ्तार

Navi Mumbai school bus rape case: नवी मुंबई के कामोठे में स्कूल बस में साढ़े तीन साल की बच्ची से रेप के आरोप में ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है। बच्ची के घर पहुंचने के बाद दादी को बताने पर मामला सामने आया। पुलिस जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Imran Sheikh

Sep 04, 2026

Navi Mumbai crime news

(प्रतीकात्मक तस्वीर-IANS)

Mumbai crime news: मुंबई के कामोठे इलाके में स्कूल बस में साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ रेप का कथित मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। आरोप स्कूल बस के ड्राइवर पर लगा है। बताया जा रहा है कि बस में बाकी बच्चे उतर गए थे और बच्ची अकेली रह गई थी। इसी दौरान ड्राइवर ने कथित तौर पर उसके साथ रेप किया। मामला सामने आने के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 2 सितंबर की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक निजी बस का ड्राइवर है और बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने का काम करता था। बच्ची भी रोज इसी बस से स्कूल आती-जाती थी। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए बस लेकर निकला था।

बताया जा रहा है कि रास्ते में एक-एक कर बाकी बच्चे बस से उतरते गए। आखिर में बच्ची बस में अकेली रह गई। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर ड्राइवर ने उसके साथ रेप किया।

घर पहुंचकर दादी को बताई पूरी बात

मामला उस समय सामने आया जब बच्ची घर पहुंची और पेट में दर्द की शिकायत करने लगी। बच्ची ने अपनी दादी को बस में ड्राइवर की ओर से की गई गलत हरकत के बारे में बताया। इसके बाद परिवार ने स्कूल प्रबंधन को जानकारी दी और पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने बच्ची की मेडिकल जांच कराई। इसके बाद आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी पर पॉक्सो एक्ट समेत नाबालिग बच्ची से रेप से जुड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है।

गुरुवार को आरोपी को पनवेल कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उसे शनिवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।

स्कूल बसों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी है। सबसे बड़ा सवाल छोटे बच्चों की स्कूल बस में सुरक्षा को लेकर उठ रहा है। अभिभावक यह जानना चाहते हैं कि जब बस में छोटे बच्चे अकेले रह जाते हैं, तब उनकी निगरानी के लिए क्या व्यवस्था होती है।

नवी मुंबई की इस घटना ने कुछ दिन पहले दिल्ली के बवाना में सामने आए एक मामले की याद भी दिला दी है। वहां भी करीब तीन साल की बच्ची के साथ स्कूल से जुड़े वाहन के ड्राइवर पर गलत हरकत करने का आरोप लगा था। उस मामले में भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद स्कूल बसों में ड्राइवर और स्टाफ की जांच, बच्चों की निगरानी और सफर के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती की जरूरत फिर सामने आई है। हालांकि, नवी मुंबई के मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है और अदालत में आरोप साबित होना बाकी है।