
1 सितंबर से बड़ा झटका! LPG, दूध और ऑटो-टैक्सी सब महंगे (AI Image)
New Rules September 2026: सितंबर महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए महंगाई का झटका लेकर आई है। 1 सितंबर 2026 से देश और खासकर मुंबई में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला है। मुंबई में दूध के दाम बढ़ गए हैं, वहीं ऑटो और टैक्सी का सफर भी महंगा हो गया है। इसके अलावा 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, घरेलू LPG सिलिंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मुंबईकरों के लिए सितंबर की शुरुआत दूध की बढ़ी कीमतों के साथ हुई है। डेयरी में मिलने वाले दूध की कीमत 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। अब तक 93 रुपये लीटर मिलने वाला दूध 102 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इस बढ़ोतरी का असर खुदरा बाजार में भी होगा। ग्राहकों को कुछ जगहों पर दूध के लिए करीब 110 रुपये प्रति लीटर तक चुकाने पड़ सकते हैं। त्योहारी सीजन की शुरुआत के बीच दूध की कीमत बढ़ने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में ऑटो और टैक्सी के नए किराये भी 1 सितंबर से लागू हो गए हैं। नए टैरिफ के मुताबिक, ऑटो के किराये में 1 रुपये प्रति किलोमीटर और टैक्सी के किराये में 2 रुपये प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी हुई है।
पहले 1.5 किलोमीटर के सफर के लिए अब नए न्यूनतम किराये लागू होंगे। आज से शुरुआती 1.5 किमी की न्यूनतम दूरी के लिए ऑटो का भाड़ा 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये और टैक्सी का न्यूनतम भाड़ा 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये हो गया है।
ऑटो और टैक्सी चालकों को मीटर में नए किराये के अनुसार बदलाव करने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। तब तक यात्रियों के लिए संशोधित टैरिफ कार्ड के आधार पर किराया लेने की व्यवस्था रहेगी।
इसका मतलब है कि आने वाले कुछ महीनों में यात्रियों को मीटर के बजाय संशोधित टैरिफ कार्ड के आधार पर किराये की गणना देखने को मिल सकती है।
सितंबर की शुरुआत में LPG की कीमतों में भी बदलाव किया गया है। मुंबई में 19 किलो के कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत 9.50 रुपये बढ़कर 2,701 रुपये हो गई है।
इसके अलावा 5 किलो के नॉन-डोमेस्टिक LPG रिफिल की कीमत में भी 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसकी कीमत 762 रुपये से बढ़कर 764 रुपये प्रति सिलिंडर हो गई है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू LPG सिलिंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मुंबई में घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत फिलहाल 941.50 रुपये बनी हुई है।
सितंबर से लागू इन बदलावों का असर सीधे आम लोगों के रोजमर्रा के खर्च पर पड़ सकता है। दूध की कीमत बढ़ने से घर का मासिक बजट प्रभावित होगा, जबकि ऑटो-टैक्सी किराये में बढ़ोतरी का असर रोजाना सफर करने वाले मुंबईकरों पर पड़ेगा। कमर्शियल LPG महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे कारोबारी प्रतिष्ठानों की लागत पर भी असर पड़ सकता है, जिसका अप्रत्यक्ष प्रभाव ग्राहकों पर देखने को मिल सकता है।
Updated on:
01 Sept 2026 09:35 am
Published on:
01 Sept 2026 09:31 am
