
इस भाजपा विधायक पुलिस को दिया निर्देश, ‘हम यहीं बैठे हैं, 1 घंटे तक लाठियां बजनी चाहिए’
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में एक और बीजेपी विधायक का गैर जिम्मेदाराना बयान सामने आया है जिसमें वह आरोपियों पर लाठी बरसाने की बात कह रहे हैं। दरअसल, गुरुवार की सुबह विशेष संप्रदाय के लोगों द्वारा छात्राओं से छेड़छाड़ और उनके परिजनों के साथ की गई मारपीट व पुलिस पर पथराव को लेकर बुढाना में स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।
जिसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री व मुजफ्फरनगर के सांसद संजीव बालियान और बुढाना से विधायक उमेश मलिक मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के दौरान विधायक उमेश मलिक का एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसमें वह अधिकारियों को निर्देशित करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में नजर आ रहा है कि वह कह रहे हैं कि हम एक घंटा यहां बैठे हैं। तब तक जो लोग गिरफ्तार किए गए हैं, उन पर लाठिया बजनी चाहिए। विधायक द्वारा अधिकारियों को दी गई यह गैर जिम्मेदाराना सलाह पास में खड़े मीडियाकर्मियों के कैमरे में कैद हो गया। जिसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान विधायक को इशारों ही इशारों में मौके पर मीडिया कर्मी होने का संकेत देते हैं और विधायक चुप हो जाते हैं। वहीं जब विधायक उमेश मलिक से इस पर सवाल किया गया तो वह इस पर कुछ कहने से बचते नजर आए।
Published on:
12 Oct 2018 03:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
