दरअसल, मुजफ्फरनगर जिले के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर में ग्रामीणों को सूचना मिली कि गांव के युवक मेहता पुत्र हनीफ, रागिब पुत्र सलीम हरियाणा के हिसार जिले में स्थित सेना की छावनी में जासूसी के आरोप में पकड़े गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण हैरान हो गए। वहीं, दोनों युवकों के परिजन भी परेशान हो गए। जहां एक युवक रागिब पुत्र सलीम के भाई मुजम्मिल का कहना है कि रागिब एक हफ्ता पहले मजदूरी करने के लिए सहारनपुर के रहने वाले एक ठेकेदार के साथ हरियाणा में गया था, क्योंकि यहां कांवड़ की वजह से सभी काम बंद थे। इस वजह से ईद मनाने के लिए मेहनत मजदूरी करने चला गया था। मगर पता नहीं इस बीच क्या हुआ कि उसे वहां गिरफ्तार कर लिया गया। रागिब के पास एंड्रॉयड फोन भी नहीं है और न ही उनकी पाकिस्तान में कोई रिश्तेदारी या संबंध है। उसका भाई केवल मेहनत मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था। वह निर्दोष है, हम सरकार से चाहते हैं कि सरकार जांच कर हमारे भाई को जल्द से जल्द रिहा करें। रागिब के परिवार 8 भाई है। बड़ा भाई मुजम्मिल अपंग है। उसके दो बच्चे हैं और पिता बीमार हैं। लिहाजा, उनकी गिरफ्तारी मिलते ही रागिब के घर पर ग्रामीणों का तांता लग गया। हर कोई ये ही कहता मिला कि रागिब निर्दोष है। वह कभी गलत गतिविधियों में शामिल नहीं रहा।