मुजफ्फरनगर. कोतवाली बुढ़ाना क्षेत्र के गांव राजपुर गढ़ी में कर्ज में डूबे 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो शव के पास से पुलिस को 5 बड़े ही मार्मिक ढंग से लिखे सुसाइड नोट पड़े मिले, जिनमें मृतक किसान ने लिखा था कि बेची गई जमीन की बकाया धनराशि नहीं मिलने से आहत होकर आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त की है। परिजनों ने बताया कि रविन्द्र सिंह तंगी में चल रहा था, जिस कारण यह कदम उठाया है। पुलिस ने मृतक किसान की पत्नी की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।