
RLD मुखिया अजित सिंह का बड़ा खुलासा, यूपी में होकर रहेगा महागठबंधन, यह बताई बड़ी वजह
मुजफ्फरनगर. राष्ट्रीय लोक दल मुखिया चौधरी अजीत सिंह बुधवार को जनपद मुजफ्फरनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा मीरापुर में एक बैंकट हॉल में राष्ट्रीय लोक दल की जन संवाद रैली में भाग लिया। इस मौके पर अजीत सिंह राजस्थान में पार्टी को मिली जीत और भाजपा की हार से काफी उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर प्रहार किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में होने वाले महागठबंधन के बारे में कहा कि भाजपा को खत्म करने और देश को बचाने के लिए गठबंधन जरूरी है। मुज़फ्फरनगर में भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा इलैक्ट्रोनिक मिडिया को इस्लामिक बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा को इस्लामो फोबिया हो गया है।
मुजफ्फरनगर में बुधवार को राष्ट्रीय लोक दल की एक जनसंवाद रैली को संबोधित करने पहुंचे राष्ट्रीय लोक दल मुखिया चौधरी अजीत सिंह तीन राज्यों में भी भाजपा की हार पर काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने भाजपा को सबसे झूठी पार्टी करार देते हुए कहा कि भाजपा ने जो वादे किसान और देश के लोगों से किए थे, उन पर भाजपा खरी नहीं उतर रही। इसके साथ ही उन्होंने गठबंधन को लेकर भी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि देश को बर्बादी की ओर जाने से बचाने के लिए महागठबंधन जरूरी है। उन्होंने कहा कि बहुत सी रीजनल पार्टी है और गठबंधन इस मायने में है कि विपक्ष की सभी पार्टियां मिलकर भाजपा को हराएंगी, क्योंकि वर्तमान सत्ता ने देश को बर्बादी की कगार पर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि हर एक प्रदेश में अलग-अलग पार्टी है। उनका गठबंधन होगा और उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन होगा।
राफेल के मुद्दे पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जेपीसी पर इंक्वायरी कराने में इन्हें क्या प्रॉब्लम है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के पास इंक्वायरी करने की कोई मशीन नहीं है। अजित सिंह ने कहा कि कोर्ट को सरकार ने गलत सूचना दे दी कि रिपोर्ट सीएजी की आ चुकी है। जेपीसी इंक्वायरी सरकार क्यों नहीं कराना चाहती। उन्होंने कहा कि महागठबंधन देश को बचाने के लिए हो रहा है। उन्होंने सभी इंस्टिट्यूशन को पंगू बना दिया है। सुप्रीम कोर्ट के 4 जस्टिस कहते हैं कि डेमोक्रेसी खतरे में है। सीबीआई और आरबीआई में क्या हो रहा है। यह सब के सामने है। जब आप सब संस्थाएं नष्ट कर दोंगे तो देश कहां से चलेगा। मुजफ्फरनगर में भाजपा के जिला अध्यक्ष द्वारा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को इस्लामिक बताने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा को तो फोबिया है। इस्लामो फोबिया के कारण भाजपाइयों को और कुछ नहीं दिखता। सही बात तो यह है कि सारी टीवी तो भाजपा की है।
Published on:
20 Dec 2018 08:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
