(बगहा): जनता की सेवा करने का वादा करके सियासी मुकाम पाने वाले राजनेता अक्सर सीट पर काबिज होने के बाद अपने वादों को भूल जाते है और कभी-कभी प्रशासन भी जनता की परेशानियों को नजर अंदाज कर देता है। ऐसे में जनता को प्रशासन के आलाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ता है। पर ज्यादातर समय आश्वासन का लड्डू देकर जनता के इन प्रदर्शनों को शांत करवा दिया जाता है। ऐसा ही हुआ पश्चिमी चंपारण के ठकराहा प्रखंड के सिसवनिया गांव के लोगों के साथ जो अपनी मांगों की पूर्ति करवाने के लिए शुक्रवार से जल सत्याग्रह कर रहे थे। अंत में स्थानिय प्रशासन ने आश्वासन के ठंडे छिटे मारकर सत्याग्रह को समाप्त करवाया। सरकार व प्रशासन की उपेक्षा से त्रस्त ग्रामीणों का कहना है कि मांगें पूरी न हुई तो चुनाव में वोट का बहिष्कार करेंगे या नोटा का समर्थन करेंगे।