
नागौर/मेड़ता सिटी।
नागौर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम और 27 व 28 सितम्बर को राजस्थान गौरव यात्रा के तहत मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नागौर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर बुधवार को शहर के अमृत जैन सिंघवी भवन में भाजपा के तीन अलग-अलग प्रकोष्ठों की बैठकों का आयोजन किया गया। इन तीनों ही बैठकों में पार्टी के आगामी दिनों में होने वाले दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को सफल बनाने के मुद्दों पर चर्चा की गई।
भाजपा के नागौर (शहर) जिलाध्यक्ष रामचंद्र उत्ता की अध्यक्षता में सबसे पहले मेड़ता विधानसभा क्षेत्र के 5 मंडल मेड़ता शहर, मेड़ता ग्रामीण, रियां बड़ी, जसनगर और इंदावड़ की संयुक्त बैठक का आयोजन हुआ। इस बैठक में जिलाध्यक्ष उत्ता ने कहा कि आगामी 18 सितम्बर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह पहली बार नागौर आ रहे हैं। वह यहां पहले तो शक्ति केंद्र संयोजन कार्यक्रम के तहत प्रदेश पदाधिकारियों के साथ जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे, इसके बाद वह किसान सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि मेड़ता विधानसभा क्षेत्र के पांचों मंडलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाएं।