11 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

स्वच्छता की उड़ रही धज्जियां, जिम्मेदार बना रहे बहाना

बेपटरी शहर की सफाई व्यवस्था

2 min read
Google source verification
nagaur news

nagaur news

नागौर. जहां एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश भर में स्वच्छता का नारा दे रहे हैं, स्वच्छ भारत का सपना देख रहे वहीं दूसरी ओर सरकारी नुमाइंदों की अनदेखी के चलते शहर में स्वच्छता की धज्जियां उड़ रही है। जहां पर नजर डालें वहां कचरे के ढेर लगे हुए हैं, वहीं सफाई नहीं होने से नालियां कचरे से अटी पड़ी है। इससे जिम्मेदारों की लापरवाही सामने आ रही है। बेपटरी सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों का कहना है कि हड़ताल के चलते ऐसा हुआ है। दो से तीन दिन में सफाई व्यवस्था हो जाएगी।


पत्रिका टीम का आंखों देखा हाल
बेपटरी हुई सफाई व्यवस्था पर नजर डालने पत्रिका टीम सोमवार को शहर के कई इलाकों में पहुंची। पत्रिका टीम ने देखा कि सोनीजी की बाड़ी, व्यास कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, करणी कॉलोनी, दड़ा मोहल्ला व बी रोड स्थित ट्रासंफार्मर के पास कचरे के ढेर लगे थे। इसी प्रकार हाथी चौक, बाहतियों की गली, हाफिजों की हवेली के पास, खत्रीपुरा, बच्चाखाडा, दिल्ली दरवाजा, अजमेरी गेट, हनुमानबाग सहित अन्य शहर के कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे हुए थे। कुछ स्थानों पर नालियों की सफाई नहीं हो रखी थी।

गड्ढे सही नहीं करना परेशानी
शहर को विकास का नाम देकर कभी रूडिप अधिकारी सीवरेज के नाम पर खोद रहे हैं तो कभी अमृत योजना के नाम पर सड़कें तोड़ी जा रही है। खोदी गई सड़कें ठीक नहीं की जा रही है। इसके चलते सड़क पर पत्थर व रेत के ढ़ेर लगे रहते हैं। इससे न केवल नालियां जाम हो रही है, इससे गंदा पानी सड़कों को जमा हो रहा है।


जल्द हो समाधान
कई दिन से सफाई नहीं होने से शहर की हालत खराब हो गई है। प्रशासन को चाहिए कि जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था में सुधार लाया जाए।
धीरेन्द्र सिंह, शहरवासी


इनका कहना है
हड़ताल के चलते बेपटरी हुई सफाई व्यवस्था को एक दो दिन में सुधार दिया जाएगा।
धर्मपाल जाट, आयुक्त, नगर परिषद, नागौर