
HRD Ministry will be conducting nationwide survey on 13th November
नागौर. देशभर के सरकारी स्कूलों का शैक्षिक स्तर जांचने के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से बड़े पैमाने पर सर्वे किया जाएगा। जानकारी अनुसार नेशनल अचीवमेंट सर्वे (एनएएस) देशभर में एक साथ 13 नवम्बर को होगा। इसमें सरकारी स्कूलों के बच्चों के टेस्ट के आधार पर देश के राज्यों और जिलों की रैंकिंग की जाएगी। बताया जा रहा है कि सर्वे के लिए प्रदेश की करीब 6 हजार सरकारी स्कूल व नागौर जिले की 173 स्कूलों का चयन किया गया है। इन स्कूलों में कक्षा 3, 5 और 8 के बच्चों का टेस्ट लिया जाएगा। इसके बाद टेस्ट का परिणाम तय की गई सरकारी वेबसाइट पर ऑनलाइन फीड किया जाएगा। बच्चों द्वारा दिए गए टेस्ट के आधार पर ही जिलों और राज्यों की रैंकिंग की जाएगी। खास बात यह है कि सर्वे को पूरी तरह से निष्पक्ष रखने के लिए सरकारी शिक्षकों को परीक्षा से दूर रखा गया है। परीक्षा में वीक्षक की जिम्मेदारी बीएड और बीएसटीसी के प्रशिक्षुओं को दी गई है।
कक्षा 3, 5 व 8वीं के बच्चों की होगी परीक्षा
एनएएस परीक्षा के लिए जिले की 17३ सरकारी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्कूलों में यह सर्वे किया जाएगा। सरकारी स्कूलों की कक्षा 3, 5 और कक्षा आठवीं में 5बच्चों से कम नामांकन होने पर विद्यालय का चयन नहीं किया जाएगा। जानकारी अनुसार प्रति कक्षा अधिकतम 30 बच्चों का टेस्ट लिया जाएगा। कक्षा में 30 से अधिक विद्यार्थी होने पर फील्ड इनवेस्टिगेटर (एफआई) द्वारा गाइड लाइन के अनुसार 30 बच्चों का सैम्पलिंग किया जाएगा। एनएएस के लिए प्रत्येक जिले में लगभग 300-350 एफआई (बीएसटीसी व बीएड के अभ्यर्थी) लगाए जाएंगे। जिन स्कूलों के बच्चों का टेस्ट लिया जाएगा उन संस्थाप्रधानों को ६ अक्टूबर को कुचामन डाइट कार्यालय में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सर्वे कॉर्डिनेटर की भूमिका प्रदेश स्तर पर एनसीईआरटीउदयपुर और जिला स्तर पर डाइट को सौंपी गई है।
प्रश्नपत्र हल के लिए डेढ़ घंटे का समय
सर्वे के आधार पर की जाने वाली रैंकिंग को लेकर राज्य सरकार गंभीर नजर आ रही है। प्रदेश को देश में अव्वल रखने के लिए राज्य सरकार की ओर से तैयारियां जोरों पर हैं। शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों का शैक्षिक स्तर सुधारने के लिए नियमित दिशा-निर्देश जारी कर रहा है। इसके चलते जिला स्तर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी डाइट प्राचार्य, एनएएस प्रभारी, बीईईओ व सम्बंधित संस्था प्रधानों के साथ बैठक कर बच्चों का शैक्षिक स्तर सुधारने के लिए जोर दे रहे हैं। 13 नवम्बर को होने वाली एनएएस परीक्षा में सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों प्रश्नपत्र हल करने के लिए डेढ़ घंटे का समय दिया जाएगा। कक्षा 3 व 5 के लिए हिन्दी, गणित व पर्यावरण अध्ययन विषय की 45 प्रश्नों की परीक्षा होगी, जबकि कक्षा ८ के लिए गणित, हिन्दी, सामाजिक व विज्ञान विषयों की 60 अंकों की परीक्षा होगी।
सभी को सूचना दे दी गई है
एनएएस सर्वे को लेकर सभी बीईईओ की बैठक आयोजित कर उनके माध्यम से सम्बंधित स्कूल के संस्था प्रधानों को इसकी जानकारी दे दी गई है। 6 अक्टूबर को कुचामन डाइट कार्यालय में सम्बंधित संस्था प्रधानों को एनएएस की परीक्षा से सम्बंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अखिलेश चन्द्र राय, एनएएस प्रभारी, जिला नागौर
Published on:
03 Oct 2017 10:51 am
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
