
पांचौड़ी के शोरूम में लगी आग के बाद उठती लपटें।
नागौर. जिले के पांचौड़ी कस्बे में बस स्टेंड के पास तांतवास चौराहा स्थित फर्नीचर व इलेक्ट्रॉनिक्स के एक शोरूम में गुरुवार दोपहर में आग लगने से करीब एक करोड़ रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। नागौर जिला मुख्यालय से पहुंचे दो दमकल वाहनों तथा ग्रामीणों की ओर से लाए गए पानी के टेंकरों की सहायता से करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। शोरूम में रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग पाया है। ग्रामीण शॉर्ट सक्रिट से आग लगने की संभावना जता रहे थे।
आगजनी की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार पदमाराम भाकल सहित थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग दोपहर करीब एक बजे लगी और कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटे व उठते धुआं के गुब्बार को देखकर पूरे गांव से लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। पानी के टेंकरों व अन्य साधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। नागौर से दो दमकल वाहन मौके पर पहुंची। आग को विकराल होता देख जेसीबी से शोरूम के पीछे की दीवार तोड़कर दमकल से आग बुझाने के प्रयास किए गए। शाम करीब छह बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग से हुए नुकसान का आंकलन के बाद ही पता चल सकेगा। शोरूम मालिक रेवन्तराम गोरचिया ने बताया कि आग इतनी विकराल थी कि आग का धुआं करीब एक किलोमीटर से नजर आ रहा था। आग में उसकी अलग-अलग फर्मों के फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान , कृषि यंत्र, बर्तन सहित सभी सामान जलकर नष्ट हो गया। इससे लाखों का नुकसान हुआ है।
कोई टेंकर तो कोई बाल्टी से पानी लाया
ग्रामीणों ने आग बुझाने में हर संभव प्रयास किए कोई टैंकर से तो कोई बाल्टी से पानी लेकर आ रहा था तो कोई आग के पास पड़ा सामान हटाने में जुटा था। हालांकि शोरूम पर आग बुझाने के यंत्र मौजूद थे, लेकिन आग विकराल होने के कारण काम नहीं आ सके। मुख्य बाजार होने के कारण यहां कपड़े की दुकानें व अन्य शोरूम भी है पर कहीं पर भी आग बुझाने के यंत्र नहीं लग हैं।
Published on:
04 Apr 2024 10:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
