परबतसर के बाद मैं मकराना की तरफ बढ़ा। रास्ते में बिदियाद के बाद से सडक़ के दोनों तरफ मार्बल की खदानें, फैक्ट्री और स्टॉक दिखने लगे। बरसात की वजह से इन दिनों खदानों से मार्बल निकालने का काम लगभग बंद सा है। यहां दुनिया का सबसे बेहतरीन मार्बल मिलता है। ताजमहल, विक्टोरिया महल, बिड़ला मंदिर के निर्माण में इसी का उपयोग हुआ है। अयोध्या के राममंदिर में भी यहीं के मार्बल का उपयोग हो रहा है और यहां के कारीगरों की देखरेख में लगाया जा रहा है। हालांकि, यहां के मार्बल उद्योग को विदेशी मार्बल-टाइल्स से काफी प्रतिस्पर्धा करनी पड़ रही है। मार्बल खदानों के लिए राज्यस्तरीय कमेटी से पर्यावरण संबंधी स्वीकृति लेने के एनजीटी के आदेश के बाद यहां के उद्यमियों में काफी हलचल है। युवा उद्यमी उत्कर्ष बंसल का कहना था कि यहां सबके पास पहले से ही स्वीकृति है, लेकिन अब पांच हेक्टेयर से कम क्षेत्र की खदानों के लिए जिला स्तरीय समिति की स्वीकृति अमान्य कर दी गई है। आदेश के बाद भी तीन माह निकल गए, लेकिन इसका न तो प्रारूप आया और न ही प्रक्रिया शुरू हो पाई है।