
People are getting light
नागौर. भविष्य में जब भी किसी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित होती है अथवा विद्युत कार्य के कारण बिजली की आपूर्ति रोकी जाती है या किसी अन्य तरह का फॉल्ट आने पर इसकी सूचना संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं को उनके मोबाइल पर एसएमएस से दी जाए। जिला कलक्टर कुमारपाल गौतम ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक में यह बात कही। गौतम ने अजमेर विद्युत वितरण निगम के अभियंता को निर्देश दिए कि प्रायोगिक तौर पर एक बार एक क्षेत्र का चयन कर उस क्षेत्र के उपभोक्ताओं को एसएमएस के द्वारा सूचना प्रेषित करें। जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान (एमजेएसए) के चतुर्थ चरण में होने वाले कार्यों का प्री सर्वे कार्य 25 जून तक आवश्यक रूप से कर लिया जाए, ताकि समय पर कार्य योजना बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि एमजेएसए चतुर्थ चरण में प्री सर्वे में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि सभी कार्य निश्चित समय सीमा में पूर्ण हो जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि जलदाय विभाग तथा अजमेर विद्युत वितरण निगम अभियंता आपस में सामंजस्य स्थापित कर इस तरह कार्य करें कि पानी की आपूर्ति निर्बाध रूप से हो सके।
समय पर हो आरओबी का काम
कलक्टर ने कहा कि प्रायोगिक तौर पर सफल होने पर संपूर्ण जिले में यह व्यवस्था लागू की जाए, ताकि आमजन को यह पता रहे कि उसके क्षेत्र में किस कारण विद्युत बाधित हो रही है और कितनी देर में बिजली आ जाएगी। साथ ही विद्युत वितरण निगम यह सुनिश्चित करें कि जलदाय विभाग ने ट्यूबवेल के जितने भी विद्युत कनेक्शन के आवेदन प्राप्त हुए हैं वे सभी कनेक्शन अगले एक सप्ताह में आवश्यक रूप से हो जाएं। जिला कलक्टर ने कहा कि सार्वजनिक निर्माण विभाग के आरओबी समेत अन्य निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे हो जाएं।
अवैध कनेक्शन काटने को मिलेगा जाब्ता
जिला कलक्टर ने नहरी परियोजना के अभियंता को निर्देश दिए कि मुख्य लाइन तथा राइजिंग लाइन से पानी की चोरी करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाए। इसके लिए नहर विभाग को पुलिस जाप्ता अगले 1 सप्ताह के लिए स्थाई रूप से उपलब्ध करवाया जा रहा है। नहरी विभाग के अभियंता व पुलिस संयुक्त रूप से भ्रमण कर ऐसे स्थानों को चिन्हित करें, जहां मुख्य लाइन को तोड़कर पानी की चोरी की जा रही है। चोरी कर रहे व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज करवाई जाए।
Published on:
20 Jun 2018 10:59 am
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
